Palamu : हैदरनगर थाना क्षेत्र के कुकही गांव में शिक्षक दंपत्ति से लूट के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस घटना में शिक्षक के भतीजे सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, चाची की लगातार डांट-फटकार और नशेड़ी कहे जाने से नाराज होकर भतीजे ने साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। यह घटना 20 नवंबर की रात कुकही गांव के मुगलजान टोला में हुई थी। शिक्षक मृत्युंजय मेहता और उनकी पत्नी अनिता देवी को घर में बंधक बनाकर मारपीट की गई और लूटपाट की गई थी। घटना के 27 दिन के भीतर पुलिस ने इसका उद्भेदन कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में शिक्षक दंपत्ति का भतीजा नीरज कुमार (19) और उसका साथी ओमप्रकाश सिंह उर्फ दीपक सिंह उर्फ दीपू (22) शामिल हैं। दोनों कुकही गांव के ही रहने वाले हैं। इस मामले में शामिल तीसरे आरोपी विक्की कुमार को औरंगाबाद पुलिस ने दो दिसंबर को किसी अन्य मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। वहीं, तीन अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इस बात का खुलासा पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने किया।
एसपी रीष्मा रमेशन ने मीडिया को बताया कि नीरज की चाची अनिता देवी उसे अक्सर डांटती-फटकारती थीं और नशे का आरोप लगाती थीं। घटना के दिन 20 नवंबर को भी परिवार और गांव वालों के सामने उसे डांटा गया था। इसी से नाराज होकर नीरज ने चाचा-चाची को सबक सिखाने की योजना बनाई। शुरुआत में उसके दोस्त ओमप्रकाश ने इस योजना से इनकार किया, लेकिन बाद में उसके साथी विक्की से मुलाकात हुई। विक्की पहले से आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। बातचीत के दौरान लूटपाट कर गहने और नकद मिलने की बात कही गई। इसके बाद नीरज, ओमप्रकाश, विक्की समेत छह लोग शिक्षक के घर में घुसे और मारपीट करते हुए लूट की घटना को अंजाम दिया।
मामले की जांच के लिए हुसैनाबाद एसडीपीओ एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। टीम में कई थानों के अधिकारी शामिल थे। जांच के दौरान 17 दिसंबर को सबसे पहले नीरज को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया और अपने साथियों के नाम बताए। उसके घर से लूटा गया एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। उसकी निशानदेही पर ओमप्रकाश को भी गिरफ्तार किया गया। ओमप्रकाश के घर से एक देशी कट्टा और दो जिंदा गोली भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी विक्की कुमार औरंगाबाद जिले के खैरा एनटीपीसी क्षेत्र के घूजा गांव का रहने वाला है। उसके खिलाफ बिहार में चार और छत्तीसगढ़ में एक आपराधिक मामला दर्ज है। एसपी ने बताया कि विक्की को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उसके बयान के बाद लूटे गए गहनों, नकद और अन्य सामान के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
Also Read : हजारीबाग की ग्रामीण महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर, स्वयं सहायता समूहों से बदली जिंदगी


