Jamshedpur : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्री ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के विरोध में सोमवार को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। जमशेदपुर पश्चिम से जदयू विधायक सरयू राय की पहल पर आयोजित इस धरने में मारवाड़ी समाज सहित कई सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। सभी ने रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और जल्द सुधार की मांग की।
यात्रियों की परेशानी बनी बड़ा मुद्दा
धरना के दौरान वक्ताओं ने कहा कि टाटानगर स्टेशन से गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनें रोजाना देरी से चल रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और मरीजों पर पड़ रहा है। समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पाने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
चक्रधरपुर मंडल पर उठे सवाल
विधायक सरयू राय ने रेलवे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जैसे ही ट्रेनें चक्रधरपुर रेल मंडल में प्रवेश करती हैं, उनकी रफ्तार धीमी हो जाती है और वे लेट होने लगती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडल में संचालन और प्रबंधन में गंभीर खामियां हैं, जिन्हें तुरंत ठीक करने की जरूरत है।
सुधार नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
सरयू राय ने रेलवे अधिकारियों से यात्रियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील होने की अपील की। उन्होंने साफ कहा कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। धरने में शामिल संगठनों ने भी एक स्वर में ट्रेनों की समयपालन व्यवस्था सुधारने की मांग की।
हालत लगातार बिगड़ते जा रहे
चक्रधरपुर रेल मंडल में इन दिनों ट्रेनों की समयबद्धता पूरी तरह बिगड़ गई है। अब देरी आम बात हो गई है। सोमवार को आरा से दुर्ग जाने वाली साउथ बिहार एक्सप्रेस करीब 7 घंटे की देरी से पहुंची। वहीं राजधानी और तेजस जैसी प्रीमियम ट्रेनें भी 3 घंटे से ज्यादा लेट रहीं। कई यात्री ट्रेनें 3 से 10 घंटे तक देर से चल रही हैं।
छोटी दूरी की यात्रा भी बनी चुनौती
हालात ऐसे हैं कि छोटी दूरी तय करने में भी यात्रियों को घंटों लग रहे हैं। प्लेटफॉर्म पर इंतजार कर रहे लोगों के चेहरों पर गुस्सा और थकान साफ नजर आ रही है। यात्रियों का कहना है कि अगर समय पर ट्रेन नहीं चलेगी तो रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित होती रहेगी।
Also Read : मां कामाख्या मंदिर पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, झारखंड की सुख-समृद्धि के लिए की पूजा


