Hazaribagh : हजारीबाग जिले के चुटियारो गांव में बीती देर रात जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना रात करीब 11 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, झुंड से बिछड़ा हाथी कई दिनों से इलाके में घूम रहा था। अचानक हाथी घर में घुस आया और घर के बाहर खड़े व्यक्ति को कुचल दिया। पति को बचाने की कोशिश में उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथी के इलाके में घूमने की सूचना पहले भी थी, लेकिन वन विभाग कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया। ग्रामीणों ने हाथी को जंगल की ओर सुरक्षित ढंग से लौटाने और इलाके में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
मुफ्फसिल थाना पुलिस और वन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है। प्रशासन ने लोगों से रात में सतर्क रहने और हाथी दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।


