Ranchi : रांची के बरियातू हाउसिंग कॉलोनी चौक पर चेन स्नैचिंग की एक बड़ी घटना होते-होते बच गई। गिरिडीह निवासी 33 वर्षीय जस्सी सलूजा ने बहादुरी दिखाते हुए दो बाइक सवार अपराधियों का सामना किया और अपनी चेन बचा ली। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, जस्सी सलूजा पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गिरिडीह से रांची आई थीं। दोपहर करीब एक बजे वह बरियातू स्थित अपनी ननद के घर पहुंचीं। इसके बाद पति के साथ पैदल बरियातू रोड स्थित एक मॉल में खरीदारी करने गईं। खरीदारी कर लौटते समय बरियातू हाउसिंग कॉलोनी चौक पर पहले से खड़े दो बाइक सवार युवकों ने मौका देखकर हमला कर दिया। पीछे बैठे अपराधी ने अचानक उनके गले से चेन झपट ली और बाइक से भागने लगे।
महिला ने दिखाई हिम्मत
अचानक हुए हमले से घबराने के बजाय जस्सी ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पीछे बैठे अपराधी को पकड़ लिया। इससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों अपराधी सड़क पर गिर पड़े। छीना-झपटी के दौरान जस्सी भी गिर गईं। उनके हाथ और दोनों घुटनों में चोट आई और कपड़े भी फट गए। इसके बावजूद उन्होंने चेन नहीं छोड़ी और उसे बचाने में सफल रहीं।
डराने के लिए की फायरिंग
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि गिरने के बाद एक अपराधी उठकर पैदल भागने लगा। जस्सी उसे पकड़ने के लिए पीछे दौड़ीं। खुद को घिरता देख अपराधी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। पीड़िता के अनुसार, उसे डराने के लिए दो गोलियां चलाई गईं। बाद में जानकारी मिली कि पिस्टल डमी थी और उसमें रबर की गोली थी। इसी बीच दूसरा अपराधी बाइक उठाकर अपने साथी के पास पहुंचा और दोनों वहां से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनते ही चौक पर अफरा-तफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन किसी ने आगे बढ़कर अपराधियों को पकड़ने की कोशिश नहीं की।
रांची में दिनदहाड़े चेन झपटने की कोशिश… देखें वीडियो pic.twitter.com/L5IKAjtQC0
— Johar Live (@joharliveonweb) February 8, 2026
कोई मदद को नहीं आया आगे
जस्सी सलूजा का कहना है कि घटना के समय चौक पर कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने मदद नहीं की। उनका कहना है कि यदि लोग सहयोग करते तो दोनों अपराधियों को पकड़ा जा सकता था।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान में जुट गई है। दिनदहाड़े व्यस्त चौक पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, जस्सी की बहादुरी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।
Also Read : देवघर में एविशन सेक्टर की एंट्री: विमान मेंटेनेंस और वीज़ा सेंटर से बदलेगा युवाओं का भविष्य

