Johar Live Desk : हाल ही में एक प्रमुख कोल्ड ड्रिंक कंपनी ने अमेरिका में अपने पेय पदार्थों में गन्ने से बनी चीनी यानी केन शुगर का उपयोग दोबारा शुरू करने की घोषणा की है। माना जा रहा है कि यह कदम अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सलाह पर उठाया गया है। इस खबर के बाद से लोगों के बीच केन शुगर को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। आखिर क्या है केन शुगर, यह सामान्य चीनी से कैसे अलग है और क्या इसे घर में इस्तेमाल किया जा सकता है? आइए जानते हैं विस्तार से।
केन शुगर क्या है?
केन शुगर गन्ने के रस से बनाई जाने वाली एक प्रकार की सुक्रोज है। गन्ने का रस निकालकर उसे गर्म किया जाता है और फिर क्रिस्टल (दानेदार) रूप में सुखाया जाता है। यह सामान्य सफेद चीनी जैसी ही होती है, लेकिन इसमें हल्का पीला या भूरा रंग होता है। इसका कारण यह है कि इसे ज्यादा रिफाइन नहीं किया जाता, जिसके चलते इसे प्राकृतिक माना जाता है।
केन शुगर के फायदे
- तुरंत ऊर्जा प्रदान करता है : गन्ने में प्राकृतिक कार्बोहाइड्रेट्स होते हैं, जो आसानी से पच जाते हैं और तुरंत ऊर्जा देते हैं। यह लो-ब्लड शुगर की स्थिति में विशेष रूप से फायदेमंद है।
- एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर : गन्ने के रस में पॉलीफेनॉल्स और फ्लेवोनॉयड्स जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाते हैं।
- लिवर के लिए फायदेमंद : गन्ने का रस पीलिया जैसी बीमारियों में राहत देता है और लिवर के स्वास्थ्य के लिए अच्छा माना जाता है।
- त्वचा और बालों के लिए लाभकारी : इसमें मौजूद अल्फा हाइड्रॉक्सी एसिड्स (AHA) त्वचा को कोमल बनाते हैं, मुंहासों को कम करते हैं और बालों के लिए भी फायदेमंद हैं।
केन शुगर का उपयोग कैसे करें?
- बेकिंग में : केक, कुकीज, और ब्रेड बनाने में केन शुगर का उपयोग किया जा सकता है।
- पेय पदार्थों में : चाय, कॉफी, मॉकटेल, या कॉकटेल में इसे मिलाकर स्वाद बढ़ाया जा सकता है।
- मिठाइयों में : डायबिटीज के मरीज भी खीर, हलवा, या अन्य मिठाइयों में इसका सीमित उपयोग कर सकते हैं।
- सिरप के रूप में : पैनकेक के लिए घर पर केन शुगर से सिरप तैयार किया जा सकता है।
- सॉस में : सॉस में इसका उपयोग करने से स्वाद में गहराई आती है।
केन शुगर और सफेद चीनी में अंतर
- केन शुगर : यह केवल गन्ने के रस से बनती है और इसमें गन्ने की प्राकृतिक मिठास बरकरार रहती है। इसे कम रिफाइन किया जाता है, जिससे इसका रंग हल्का पीला या भूरा होता है।
- सफेद चीनी : यह गन्ने या चुकंदर से बनाई जाती है और पूरी तरह रिफाइन होने के कारण इसका रंग सफेद होता है। इसमें प्राकृतिक फ्लेवर कम होता है।
स्वाद में क्या है खास?
केन शुगर और सफेद चीनी का स्वाद लगभग एक जैसा होता है, लेकिन केन शुगर के दाने थोड़े बड़े होते हैं और इसमें हल्का तीखापन या प्राकृतिक फ्लेवर होता है, जो इसे खास बनाता है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
पोषण विशेषज्ञों का कहना है कि केन शुगर को सीमित मात्रा में इस्तेमाल करने से स्वास्थ्य को लाभ हो सकता है, खासकर तब जब इसे प्राकृतिक रूप में लिया जाए। हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को इसका उपयोग करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
Also Read : बिग बॉस 19 : सलमान खान ने की धमाकेदार अनाउंसमेंट, मनीष कश्यप और तेजप्रताप यादव को मिला बुलावा!