Ranchi :रांची में रामनवमी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी बीच झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची ने पूजा बुलंद, शोभायात्रा संचालकों और आम लोगों के लिए जरूरी बेंची जारी की है। यह निर्देश उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जारी किए गए हैं, ताकि पर्व के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो।
शोभायात्रा में बिजली सप्लाई नहीं होगी बाधित
बिजली विभाग ने साफ किया है कि रामनवमी के दिन शोभायात्रा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी। ऐसे में आयोजकों और श्रद्धालुओं को खुद भी सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि किसी तरह का जोखिम न हो।
झांकियों और डीजे की ऊंचाई 13 फीट तक सीमित
एडवाइजरी में सबसे अहम निर्देश झांकियों और डीजे की ऊंचाई को लेकर दिया गया है। विभाग ने साफ कहा है कि किसी भी हालत में झांकी या डीजे की ऊंचाई 4 मीटर यानी करीब 13 फीट से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। इसका मकसद यह है कि शोभायात्रा के दौरान बिजली के तारों से संपर्क न हो और कोई हादसा न हो।
बिजली के तारों से दूरी बनाकर चलें
बिजली विभाग ने खास तौर पर चेतावनी दी है कि झंडा, बैनर या कोई भी ऊंचा ढांचा खड़ा करते समय बिजली के तारों और उपकरणों से सुरक्षित दूरी जरूर रखें। साथ ही यह भी कहा गया है कि किसी वाहन की छत पर खड़े होकर ऊंचे झंडे या सामान लेकर चलना खतरनाक हो सकता है, इसलिए इससे बचें।
वालंटियर्स को दी गई जिम्मेदारी
शोभायात्रा के दौरान समिति के वालंटियर्स को लगातार निगरानी रखने को कहा गया है। अगर कहीं भी खतरे की स्थिति बनती है, तो तुरंत कार्रवाई करने और लोगों को सतर्क करने की जिम्मेदारी उन्हीं की होगी।
ऊंची और बड़ी गाड़ियों पर भी रोक
एडवाइजरी में यह भी साफ किया गया है कि शोभायात्रा में ज्यादा ऊंची या बड़ी गाड़ियों के इस्तेमाल पर रोक रहेगी। आयोजकों को मानक संचालन प्रक्रिया यानी SOP का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
आपात स्थिति के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
किसी भी तरह की बिजली से जुड़ी समस्या या आपात स्थिति में तुरंत संपर्क के लिए विभाग ने कई नंबर जारी किए हैं:
- विद्युत नियंत्रण कक्ष, कुसई कॉलोनी – 9431135682
- अधीक्षण अभियंता, रांची – 9431135662
- कार्यपालक अभियंता (केंद्रीय) – 9431135613
- कार्यपालक अभियंता (डोरंडा) – 9431135608
- कार्यपालक अभियंता (न्यू कैपिटल) – 9431135620
- कार्यपालक अभियंता (पूर्वी) – 9431135614
- कार्यपालक अभियंता (पश्चिमी) – 9431135664
- कार्यपालक अभियंता (कोकर) – 9431135615
- कार्यपालक अभियंता (खूंटी) – 9431135616
सुरक्षित और शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील
बिजली विभाग ने सभी आयोजकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि नियमों का पालन करें और सतर्कता बरतें। थोड़ी सी सावधानी से बड़े हादसे टाले जा सकते हैं, इसलिए सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं।


