Hazaribagh : हजारीबाग के बड़कागांव प्रखंड में अदाणी फाउंडेशन की ओर से गोंदुलपारा खनन परियोजना के तहत उत्क्रमित मध्य विद्यालय में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इस कैंप का मकसद गांव के लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं देना और जागरूकता बढ़ाना था।
डॉक्टरों की टीम ने की जांच
शिविर में डॉ. आयुषी कमल, डॉ. सुधांशु शेखर और एएनएम संगीता कुमारी ने मरीजों की जांच की। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि और स्कूल के शिक्षक भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने इस कैंप का लाभ उठाया।
38 मरीजों की जांच, कई टेस्ट किए गए
कैंप में कुल 38 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इनमें 33 हीमोग्लोबिन टेस्ट, 6 शुगर टेस्ट और 13 ब्लड प्रेशर की जांच की गई। जांच के दौरान 12 लोगों में खून की कमी (एनीमिया) पाई गई।
आयरन दवा और खानपान की सलाह
जिन मरीजों में हीमोग्लोबिन की कमी मिली, उन्हें आयरन की गोलियां दी गईं और संतुलित आहार लेने की सलाह दी गई। डॉक्टरों ने कहा कि सही खानपान से इस समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता है।
महिलाओं को टीबी और स्वच्छता की जानकारी
कैंप में महिलाओं को टीबी और मासिक धर्म स्वच्छता के बारे में भी जागरूक किया गया। बताया गया कि टीबी एक संक्रामक बीमारी है, लेकिन समय पर इलाज से पूरी तरह ठीक हो सकती है। साथ ही 70 महिलाओं के बीच सैनिटरी पैड भी बांटे गए।
लगातार चल रहे हैं विकास के प्रयास
अदाणी फाउंडेशन की ओर से इस क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और महिला सशक्तिकरण को लेकर लगातार काम किया जा रहा है। ऐसे शिविरों के जरिए गांवों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
Also Read : गिरिडीह में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते पकड़े गए मनरेगा जेई


