पलामू में सड़क हादसे में दंपती हुए दुर्घटनाग्रस्त, पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर

पलामू : सोमवार की दोपहर एक दंपती सड़क हादसे का शिकार हो गया। पति-पत्नी बिहार से अपने बीमार रिश्तेदार को देखने झारखंड आए हुए थे। वापस लौटने के दौरान पंडवा थाना क्षेत्र के लोहड़ा में नेशनल हाइवे पर बड़ी दुर्घटना हो गई। दंपती मोटरसाइकिल पर सवार थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही ऑटो ने बाइक को टक्कर मार दी।

इसमें बिहार के कुटुंबा निवासी सुरेश चौहान(55) की मौत हो गई। वहीं पत्नी पनवा देवी(50) गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने दोनों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पंहुचाया। इस दौरान पति ने दम तोड़ दिया । पत्नी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है। टक्कर के बाद ऑटो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना करीब साढ़े तीन बजे की है।

मेदिनीनगर में चल रहा था रिश्तेदार का इलाज
दंपती के रिश्तेदार का इलाज मेदिनीनगर के डॉ रघुवंश नारायण सिंह के क्लिनिक चल रहा था। वह सुबह उससे मिलने अस्पताल पहुंचे। रिश्तेदार का हाल चाल जानने के बाद करीब सवा तीन बजे वापस अपने घर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान ऑटो और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने घटना की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार के लोगों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फरार चालक को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम बनाई गई है।