Jamshedpur : होली के दौरान पानी फेंकने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह लाइन नंबर-3 निवासी युवक रितेश कुमार पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। घायल युवक का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है।
पानी फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद
मिली जानकारी के अनुसार रितेश कुमार बुधवार शाम घर से घूमने के लिए निकला था। इसी दौरान वह काशीडीह स्थित काली मंदिर के पास पहुंचा। बताया जाता है कि उसी समय पास के एक घर की छत से किसी व्यक्ति ने उस पर पानी फेंक दिया। रितेश ने जब इस पर आपत्ति जताई और पानी फेंकने की वजह पूछी, तो आरोपित व्यक्ति उससे उलझ गया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
तीन अन्य लोग भी पहुंचे, मारपीट के बाद चाकू से हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर में वहां तीन अन्य लोग भी पहुंच गए। सभी ने मिलकर रितेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने चाकू निकालकर रितेश के पेट में वार कर दिया। चाकू लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायल रितेश को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इलाके में इस घटना के बाद लोगों में भी काफी चर्चा है।
Also Read : छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 5 लाख का इनामी ढेर


