Saraikela-Kharsawan : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। घोड़लीली के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पुनीत कांगड़ (38) को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुनीत रांची के नामकुम श्रीनगर कॉलोनी के रहने वाले थे और नामकुम स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षक के रूप में काम करते थे। वे जमशेदपुर के मानगो इलाके में अपने रिश्तेदार की शादी में शामिल हुए थे और रात को अकेले बाइक से रांची लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। पुनीत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुनीत के परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा हैं। परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य के निधन से घर में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन व चालक की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।
Also Read : मैट्रिक 2026 के लिए डेटा सुधार का अंतिम मौका, 2 जनवरी तक करें सुधार


