Sahibganj : साहिबगंज के राजमहल थाना क्षेत्र के कल्याणचक स्टेशन परिसर में सोमवार को मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पैसेंजर को टोटो में बैठाने को लेकर हुए झगड़े में अचानक चाकूबाजी हो गई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
कैसे हुआ विवाद?
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला दलाही के मंतोष कुमार और काला बहियार निवासी जमशेद अंसारी के पुत्र के बीच पैसेंजर को टोटो में बैठाने को लेकर शुरू हुआ। शुरू में मामूली कहासुनी हुई और मामला शांत हो गया। लेकिन कुछ ही देर बाद, दूसरे पक्ष के युवक अपने भाइयों के साथ दुर्गा मंदिर परिसर पहुंचे और फिर से विवाद को भड़काया।
इस दौरान मंतोष कुमार पर रॉड और चाकू से हमला कर दिया गया। मंतोष गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बीच-बचाव करने आए उसके भाई पर भी रॉड से हमला किया गया। घायल दोनों को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान मंतोष कुमार की मौत हो गई। उनके भाई का इलाज अभी भी जारी है।
ग्रामीणों का गुस्सा और सड़क जाम
घटना के बाद इलाके में गुस्से का माहौल बन गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और आगजनी भी की। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, सड़क जाम नहीं हटेगा। कल्याणचक बाजार की दुकानों को बंद कर दिया गया, और भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। लोगों ने राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी की गाड़ी भी घेर ली।
पुलिस ने किया मौके पर कार्रवाई
सूचना मिलते ही राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी घटनास्थल पर पहुंचे और वरीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेवाल, राजमहल पुलिस इंस्पेक्टर राजीव रंजन, तीनपहाड़ थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे और राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने ग्रामीणों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन भीड़ देर तक उग्र बनी रही। फिलहाल पुलिस प्रशासन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रहा है। क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।
Also Read : महाशिवरात्रि 2026 : चार प्रहर की पूजा से बरसेगी शिव कृपा, जानें सही समय


