Chatra : चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में इटखोरी प्रखंड के प्रेमनगर निवासी दिलीप भुइयां (पुत्र रामचरण भुइयां) की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार दिलीप अपने दोस्त विनोद के साथ बाइक से चतरा के इको पार्क से लौट रहे थे। भेड़िफार्म के ‘बेल गाछ’ के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दिलीप घटनास्थल पर ही घायल होकर मृत्यु को प्राप्त हो गए।
दुर्घटना में विनोद बेतरह जख्मी हो गए। उनका पैर टूट गया है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर किया गया। दिलीप के पिता रामचरण भुइयां ने हाल ही में अपने बड़े बेटे प्रेम भुइयां को बीमारी के कारण खोया था। एक महीने के भीतर दोनों बेटों के निधन से परिवार गहरे सदमे में है। रामचरण भुइयां के दो बेटे और तीन बेटियां थीं। दोनों बेटों की असमय मृत्यु से परिवार में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थानेदार विपिन कुमार ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वैन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा बीती रात हुआ।
Also Read : दलित उत्पीड़न के आरोपों पर BJP सख्त, मधुपुर भेजी गई उच्चस्तरीय जांच टीम

