Jamshedpur : जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा हाता मुख्य मार्ग पर सुंदरनगर थाना से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक बाइक तेज रफ्तार में हाइवा वाहन के पीछे चल रही थी। इसी दौरान हाइवा सड़क किनारे खड़ा हुआ, और तेज गति से आ रही बाइक उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में एक युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घायल युवक अस्पताल में भर्ती, हालत नाज़ुक
दुर्घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है।
हाइवा चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
हादसे के बाद हाइवा चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर हटाया। इस दौरान हाता मुख्य मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज आवाजाही के कारण पहले भी कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती और नियमित जांच की मांग की है।
Also Read : कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से मेरी जान को खतरा : पूर्व सांसद शकील अहमद

