Pakur : पाकुड़ जिले के मालपहाड़ी ओपी थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) निधि द्विवेदी ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित की थी। अभी तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
घटना कैसे हुई
जानकारी के अनुसार यह घटना 17 फरवरी को हुई थी। मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के पोचाथोल गांव की एक दुकान से सामान लाने के दौरान छह युवकों ने नाबालिग लड़की को जबरन हाईवा वाहन में उठाया और दो-तीन दिन तक अलग-अलग जगहों पर उसके साथ लगातार दुष्कर्म किया। घटना के बाद गांव में पंचायत बुलाकर मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद पीड़िता ने 6 मार्च को थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
एसपी निधि द्विवेदी ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद उन्होंने मालपहाड़ी ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता, पुलिस निरीक्षक परमहंस प्रसाद, सहायक निरीक्षक मंगल किसको, सुभाजित कुमार, अयोध्या राम, प्रदीप कुमार और सुनील रजक की टीम गठित की। तकनीकी जांच और सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों – दशरथ किसको, शक्ल टुडू और प्रधान मरांडी- को गिरफ्तार किया। शक्ल टुडू और प्रधान मरांडी को महेशपुर थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। एसपी ने बताया कि बाकी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द ही की जाएगी। जिस हाईवा वाहन में घटना हुई थी, उसे भी जब्त कर लिया गया है। आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है और फिलहाल उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कांड संख्या 37/26 के तहत, धारा 70(2) बीएनएस और 4 पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का संदेश
पुलिस ने पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी है और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत थाने को दें।
Also Read : एग्रोटेक मेला का उद्घाटन करने मुख्यमंत्री से मिले बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति

