Chatra : सदर थाना क्षेत्र के नवोदय कर्म मोड़ के पास जंगली हाथियों के आतंक ने एक बार फिर जान ले ली। हाथियों के झुंड ने काम से लौट रहे तीन राज मिस्त्रियों पर हमला कर दिया। इस हमले में मनोज भुइयां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विकास भुइयां (30) और कामेश्वर भुइयां (35) बेतरह जख्मी हो गए। सभी तीनों बरवाडीह मंजराही गांव के निवासी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार दिनभर काम करने के बाद तीनों मजदूर पैदल घर लौट रहे थे। तभी हाथियों का झुंड जंगल से निकलकर उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। मनोज भुइयां को हाथियों ने सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जख्मियों को आसपास के लोगों ने शोर मचाने पर बचाया। स्थानीय लोग और प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे। जख्मी विकास भुइयां को रांची के रिम्स और कामेश्वर भुइयां को हजारीबाग रेफर किया गया।
सीमा पंचायत के पूर्व मुखिया मिथिलेश सिंह ने बताया कि सोनपुर और रामपुर गांव में बीते एक सप्ताह से हाथियों का झुंड डेरा डाले हुए है। इस दौरान हाथियों ने न सिर्फ इंसानों पर हमला किया, बल्कि आलू, सरसों और गेहूं की फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया और कई घर तोड़े। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार सूचना देने के बावजूद वन विभाग ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
Also Read : सरकारी नौकरी के इच्छुकों के लिए बड़ी खबर, KVS ने स्पेशल एजुकेटर के 987 पदों पर नोटिफिकेशन जारी


