Palamu : पलामू के नावाबाजार से पांडु प्रखंड के कजरु कला तक बनने वाली सड़क को केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। कभी नक्सल गतिविधियों के लिए चर्चित रहे इस इलाके में अब विकास की नई कहानी लिखी जाएगी। इस सड़क के बनने से क्षेत्र की तस्वीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।
सांसद की पहल लाई रंग
इस परियोजना के पीछे पलामू सांसद विष्णुदयाल राम की अहम भूमिका रही। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर इस सड़क की जरूरत को रखा था, जिसके बाद यह प्रस्ताव स्वीकृत हुआ।
103 करोड़ से बनेगी 23 किमी लंबी सड़क
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने सेंट्रल रोड एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड (CRIF) के तहत 23.615 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए 103.608 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। लंबे समय से जर्जर सड़क के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी।
25 से ज्यादा गांवों को मिलेगा फायदा
इस सड़क के बन जाने से 25 से अधिक गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। फिलहाल कजरु कला इलाके तक पहुंचने के लिए लोगों को 60 से 65 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है, जो सड़क बनने के बाद घटकर 40 से 45 किलोमीटर रह जाएगा।
आवागमन आसान, विकास को मिलेगा रफ्तार
सांसद ने कहा कि सड़क बनने से न सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि इलाके में विकास के नए रास्ते भी खुलेंगे। उन्होंने इस मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री का आभार जताया। इस परियोजना से रेड कॉरिडोर माने जाने वाले इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है।
Also Read : 10 साल बाद भी नहीं बच पायेंगे गुनहगार, महिला अपराध में अब हर हाल में होगी सजा


