Lohardaga : नशे का गंदा धंधा करने वालों को लोहरदगा पुलिस ने तीखी चोट दी है। गुप्त सूचना के आधार पर दुपट्टा चौक के पास छापामारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस बात का खुलासा लोहरदगा के पुलिस कप्तान सादिक अनवर रिजवी ने मीडिया के सामने किया है। एसपी सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि बीते मंगलवार को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी। मिले इंफॉर्मेशन के बाद एसपी ने विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम का नेतृत्व किस्को एसडीपीओ वेदान्त शंकर कर रहे थे। छापामारी के दौरान अपाची मोटरसाइकिल संख्या JH19F-3187 पर सवार दो लोगों को घेराबंदी कर रोका गया।
तलाशी के क्रम में संदीप कुमार (24 वर्ष) के पास से करीब 15 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके साथ ही 530 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और रेडमी कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे मो. अरशद अंसारी उर्फ कुंदन (47 वर्ष) के पास से एक की पैड मोबाइल फोन बरामद हुआ। वहीं, पुलिस ने आरोपियों की बाइक को भी जब्त कर लिया है। बरामद ब्राउन शुगर की बाजार कीमत लगभग 52 हजार रुपये आंकी गई है। सभी जब्त सामानों को जप्ती सूची बनाकर सील कर दिया गया है।
इस मामले में लोहरदगा थाना कांड संख्या 233/2025 दिनांक 16 दिसंबर 2025 को एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क और इसके स्रोतों की जानकारी जुटाने में जुटी हुई है।
Also Read : तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में फॉर्म से छेड़छाड़ का आरोप, चुनाव आयोग ने दिए जांच के आदेश


