Johar Live Desk : राजगीर के बाद अब बिहार के सहरसा जिले में एक भव्य ग्लासब्रिज का निर्माण चल रहा है। इस परियोजना पर लगभग 98 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। ग्लासब्रिज बनने से जिले में पर्यटन को मजबूती मिलेगी और साथ ही आर्थिक विकास को भी नई दिशा मिलेगी।
सहरसा की प्रमुख परियोजनाओं में से एक है मत्स्यगंधा झील का पुनर्विकास। जो झील काफी समय से उपेक्षित थी, उसे अब पूरी तरह से नया स्वरूप दिया जा रहा है। इस परियोजना के तहत झील में एक आकर्षक गोलाकार ग्लासब्रिज, संगीत और रोशनी का फव्वारा, लाइट-एंड-साउंड शो, फूड कोर्ट, सेल्फी पॉइंट, पार्किंग और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
ग्लासब्रिज झील के ऊपर चलने का अनोखा अनुभव देगा, जबकि संगीतमय फव्वारा पर्यटकों को खूब भाएगा। सेल्फी पॉइंट पर पर्यटक अपनी यादगार तस्वीरें ले सकेंगे। झील के चारों ओर 400 मीटर लंबा घाट भी बनाया जाएगा, जहां लोग प्रकृति के सौंदर्य का आनंद ले पाएंगे।

इस परियोजना से न केवल पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि सहरसा में रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे। होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायिक गतिविधियों में भी वृद्धि होगी। यह ग्लासब्रिज नजदीकी जिलों और राज्यों से भी पर्यटकों को आकर्षित करेगा।
Also Read : शारदीय नवरात्रि 2025 : घर के मेन गेट पर करें ये 2 वास्तु उपाय, आएगी सुख-समृद्धि