Palamu : पलामू के हुसैनाबाद अनुमंडल मैदान स्थित मां तारा शक्ति दुर्गा मंदिर की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को भक्ति और आस्था से भरा भव्य आयोजन किया गया। मंदिर कमिटी के तत्वावधान में जल यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जल यात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर सोन नदी के देवरी घाट तक गई। वहां वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रद्धालुओं ने सोन नदी से पवित्र जल लिया और जल कलश के साथ वापस मंदिर परिसर लौटे।
24 घंटे का अखंड जप-कीर्तन शुरू
जल यात्रा के बाद मंदिर परिसर में श्री सीताराम अखंड जप-कीर्तन की शुरुआत की गई, जो लगातार 24 घंटे तक चलेगा। पूरे परिसर में राम नाम की गूंज और भक्तिमय माहौल बना हुआ है। अखंड कीर्तन का समापन मंगलवार दोपहर 2 बजे होगा। अखंड कीर्तन के समापन के बाद मंदिर परिसर में भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
पूर्व मंत्री के निर्देश पर हुआ आयोजन
इस पूजा के मुख्य यजमान चंदन कुमार सिंह और उनकी धर्मपत्नी ज्योत्सना सिंह हैं। चंदन कुमार सिंह ने बताया कि यह आयोजन मंदिर कमिटी के संरक्षक और पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह के निर्देश पर किया जा रहा है। कार्यक्रम में मंदिर कमिटी के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर कमिटी ने हुसैनाबाद और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
Also Read : सीएम नीतीश ने 554 करोड़ की सौगात, 67 विकास योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास


