Ranchi : रांची पुलिस ने बच्चों के अपहरण और तस्करी में सक्रिय एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 15 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। एसआईटी की त्वरित कार्रवाई से जगरनाथपुर मौसीबाड़ी से अपहृत दो मासूम बच्चों अंश कुमार और अंशिका कुमारी की सकुशल बरामदगी के बाद इस बड़े नेटवर्क का भंडाभोड़ हुआ। इस बात का खुलासा रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने किया है।
एसएसपी राकेश रंजन ने मीडिया को बताया कि बीते 2 जनवरी को धुर्वा थाना क्षेत्र के शालीमार मैदान से करीब 5 साल का अंश और 4 साल की अंशिका रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। बच्चों के पिता सुनील कुमार राय के लिखित आवेदन पर धुर्वा थाना कांड संख्या 01/26 दर्ज किया गया। मामले में एसएसपी के निर्देश पर रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया।
पूछताछ में हुआ बड़े नेटवर्क का खुलासा
जांच के क्रम में गिरफ्तार अभियुक्त नव खेरवार और सोनी कुमारी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया कि बच्चों के अपहरण के पीछे एक संगठित गिरोह सक्रिय है, जो अपहृत बच्चों को राज्य के अलग-अलग इलाकों में छुपाकर रखता था। अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि गिरोह के सदस्य झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह अपहृत बच्चों को भीख मंगवाने, बेचने, देह व्यापार और अवैध तस्करी जैसे अपराधों में इस्तेमाल करता था।
अलग-अलग जिलों से बच्चों की बरामदगी
अभियुक्तों के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर एसआईटी ने अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके निशानदेही पर रांची जिले के सिल्ली, रामगढ़ के कोठार और लातेहार के बारियातू से कई बच्चों को बरामद किया गया है। पुलिस ने अब तक 12 बच्चों के अपहरण की पुष्टि की है। जांच में पता चला है कि दो बच्चे करीब दो साल पहले रांची के खादगढ़ा बस स्टैंड, एक बच्ची तीन साल पहले संबलपुर रेलवे स्टेशन से, पांच बच्चियां तीन साल पहले लातेहार के बारियातू से, दो बच्चियां तीन साल पहले धनबाद से, एक बच्ची तीन वर्ष पहले लोहरदगा से और एक बच्ची एक वर्ष पहले जगरनाथपुर रांची से अपहृत की गई थीं। कुछ बच्चों को बिहार के औरंगाबाद और पश्चिम बंगाल में बेचने की बात भी सामने आई है।
छापेमारी जारी, और खुलासे की संभावना
पुलिस का कहना है कि इस कांड में और भी अभियुक्त शामिल हो सकते हैं और अन्य बच्चों की बरामदगी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। एसआईटी की छापेमारी राज्य के विभिन्न हिस्सों और सीमावर्ती राज्यों में लगातार जारी है।
वाहन समेत अन्य सामग्री जब्त
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त विरोधी खेरवार के पास से एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी कार (निबंधन संख्या JH24L-8382) समेत अन्य सामग्री भी जब्त की है। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से अपील की है कि बच्चों के अपहरण या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।
Also Read : आदित्यपुर में पुलिस का एक्शन, अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार


