Dhanbad : धनबाद के निरसा थाना क्षेत्र के निरसा बाजार के पास फुटपाथ पर स्थित दर्जनों दुकानों में नए साल की रात आग लग गई। आग की चपेट में आकर 13 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। शुरुआती अनुमान के अनुसार, इस आग में लगभग 15 से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
आग से प्रभावित दुकानों में तीन चिकन-मुर्गा की दुकानें, तीन होटल/खाने-पीने की दुकानें, एक सैलून, तीन फल दुकानें और तीन कपड़ों की दुकानें शामिल हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट हो सकता है।
आग लगने की सूचना मिलते ही डीवीसी मैथन, सीआईएसएफ फायर ब्रिगेड और एमपीएल की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सीआईएसएफ की तत्परता से आसपास की अन्य दुकानों को आग से बचाया गया।
दुकानदारों ने बताया कि उन्हें आग लगने की सूचना रात करीब 12 बजे मिली। कई दुकानदारों का कहना है कि समय पर फायर ब्रिगेड न पहुंचने के कारण उनका सारा सामान जल गया। एक दुकानदार ने 7-8 लाख रुपए का नुकसान बताया, जबकि कपड़ों की दुकान के मालिक का नुकसान 3-4 लाख रुपए और अन्य दुकानदार का 2-3 लाख रुपए के आसपास है।
घटना के बाद दुकानदारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


