Dhanbad : धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित विकास नगर में बीती देर रात एक तीन मंजिला मकान में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य झुलस गए। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय प्रशांत कुमार उर्फ गोलू और उनकी 70 वर्षीय नानी चिंता देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय मकान में कुल 15 लोग मौजूद थे। आग सबसे पहले प्रथम तल पर लगी और कुछ ही मिनटों में पूरे मकान में धुआं फैल गया। इससे अफरा-तफरी मच गई और लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। प्रथम तल पर आठ लोग, दूसरे तल पर तीन और तीसरे तल पर चार लोग सो रहे थे।
प्रशांत कुमार 15 दिन पहले पटना से अपनी नानी के घर आया था। हादसे की रात वह प्रथम तल पर सो रहा था। आग लगते ही प्रशांत और उनकी नानी गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
आग बुझाने के लिए आसपास के लोग और दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। दूसरे और तीसरे तल पर सो रहे कुछ लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। संभावना है कि चिंता देवी अपने कमरे में हीटर चला रही थीं, जिससे शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क गई। झुलसे छह लोगों में से दो की हालत गंभीर है और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सरायढेला थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


