Ranchi : रांची जिले में आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए 6 जनवरी से 10 जनवरी तक सभी ब्लॉक में प्रखंड स्वास्थ्य मेला आयोजित किया जाएगा। सिविल सर्जन रांची प्रभात कुमार ने बताया कि राज्य सरकार की इस पहल के तहत जिले के सभी 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नगड़ी, इटकी, राहे और खलारी में मेले का आयोजन होगा।
इस मेले में लोगों को मातृ और शिशु स्वास्थ्य, गैर-संचारी रोग, संक्रामक रोग, पोषण, कुष्ठ रोग, मलेरिया, फाइलेरिया, परिवार नियोजन और आयुष से जुड़ी सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा लोगों को जांच, परामर्श, निःशुल्क दवाइयां, टीकाकरण, रेफरल सेवाएं और स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का लाभ भी मिलेगा।
सिविल सर्जन ने बताया कि स्वास्थ्य मेला में ओपीडी सेवाएं, नेत्र और दंत जांच, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, बच्चों का टीकाकरण, पोषण परामर्श और परिवार नियोजन की सेवाएं निःशुल्क दी जाएंगी। लोगों को विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी भी इस अवसर पर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि मेले के सफल आयोजन के लिए जिला स्वास्थ्य समिति, प्रखंड स्वास्थ्य समिति, जनप्रतिनिधियों, सहिया, एएनएम, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। सिविल सर्जन ने आम जनता से अपील की है कि वे इस स्वास्थ्य मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले मरीजों के लिए दवाइयों, जांच और रेफरल की पूरी व्यवस्था की गई है और यह पहल प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और स्वास्थ्य सुविधाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।


