Palamu : जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां साढ़े चार साल की एक मासूम बच्ची के साथ 68 वर्षीय बुजुर्ग द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के खुलासे के बाद इलाके में जबरदस्त आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी बुजुर्ग को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध में कुछ देर के लिए नेशनल हाईवे-139 को भी जाम कर दिया गया।
टॉफी का लालच देकर बुलाया, फिर किया घिनौना काम
जानकारी के मुताबिक, आरोपी बिदिया साव बच्ची के घर के आसपास ही रहता है। आरोप है कि 30 अप्रैल को उसने मासूम को टॉफी देने का लालच देकर अपने घर बुलाया। वहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। मासूम डर और सहम के कारण उस समय किसी को कुछ नहीं बता सकी।
दूसरी बार कोशिश में खुल गया पूरा मामला
बताया जा रहा है कि गुरुवार को आरोपी ने फिर वही हरकत करने की कोशिश की। उसने एक बार फिर बच्ची को टॉफी देने के बहाने अपने घर बुलाने की कोशिश की। लेकिन इस बार बच्ची डर गई और सीधे अपनी मां के पास पहुंच गई। मां ने जब बच्ची से पूछा तो उसने पूरी आपबीती बता दी। यह सुनते ही मां के पैरों तले जमीन खिसक गई।
मां के शोर मचाते ही जुट गए ग्रामीण
बच्ची की बात सुनते ही उसकी मां जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। जब लोगों को पूरे मामले की जानकारी मिली तो गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों ने आरोपी बुजुर्ग को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
गुस्साए लोगों ने NH-139 किया जाम
घटना की खबर पूरे इलाके में फैलते ही लोगों में नाराजगी बढ़ गई। विरोध में ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-139 को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। सड़क जाम होने से आवागमन प्रभावित हुआ। बाद में हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद जाम हटाया गया। मामले की सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
Also Read : रांची में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, MLA-मेयर ने दो योजनाओं का किया शिलान्यास


