Ranchi : झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की महिलाओं को नए साल का तोहफा दिया है। दिसंबर माह की सम्मान राशि के रूप में 3,91,578 महिलाओं के खातों में 97 करोड़ 89 लाख 45 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। हर लाभुक महिला को 2,500 रुपये की राशि प्राप्त हुई है।
यह राशि सीधे बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए पहुंचाई गई, जिससे पारदर्शिता बढ़ी और बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई। योजना का लाभ रांची के सभी क्षेत्रों में देखा गया, जिसमें कांके, मांडर, सिल्ली और बेड़ो जैसे प्रखंड प्रमुख रहे। शहरी क्षेत्रों में भी इस योजना का अच्छा असर देखने को मिला।
रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि इस योजना से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिली है और इससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक सही समय पर पहुंचे।
साथ ही, उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने और उनका सही तरीके से इस्तेमाल करने की अपील की। प्रशासन ने जन शिकायतों के समाधान के लिए एक व्हाट्सएप नंबर भी जारी किया है, ताकि लोग अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकें।
मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना को लेकर जिला प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि यह योजना महिलाओं के जीवन में बदलाव लाएगी और उन्हें स्थिरता व सम्मान प्रदान करेगी।


