लोहरदगा: झारखंड अपना 26वां स्थापना दिवस मना रहा था. सरकार के निर्देश पर भगवान बिरसा मुंडा के नाम से खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा था. इसी दौरान लोहरदगा में आयोजित एक सरकारी खेल प्रतियोगिता में घायल हुए 17 वर्षीय आदिवासी फुटबॉल खिलाड़ी सोनू उरांव की मौत हो गई. कड़ाक गांव निवासी सोनू ने 27 नवंबर की सुबह करीब चार बजे रांची स्थित रिम्स में अंतिम सांस ली. वह 11वीं कक्षा में कला संकाय का छात्र था.
सोनू की मौत के बाद परिजनों ने खेल आयोजन में गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि इतने बड़े सरकारी आयोजन में मैदान पर न एंबुलेंस की व्यवस्था थी, न मेडिकल टीम और न ही खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध था. परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद सोनू करीब दस मिनट तक मैदान में पड़ा रहा. उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय बाद में टेंपो से सदर अस्पताल भेजा गया. आरोप यह भी है कि गंभीर हादसे के बावजूद मैदान में मैच जारी रहा.
मैदान पर टक्कर से घायल हुए दो खिलाड़ी
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, रांची ने 13 नवंबर 2026 को पत्रांक 828 जारी किया था. इसके बाद लोहरदगा उपायुक्त कार्यालय की खेल शाखा ने 17 नवंबर को पत्रांक 478 के माध्यम से निर्देश जारी किया. इसके तहत 17 से 28 नवंबर तक भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण तथा स्वदेशी जनजातीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जाना था.
इसी क्रम में 19 और 20 नवंबर को लोहरदगा के नदिया हिंदू उच्च विद्यालय स्थित मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई थी.
20 नवंबर को प्रतियोगिता के दूसरे दिन खेलो इंडिया सेंटर और प्लस टू नदिया उच्च विद्यालय की टीमों के बीच फुटबॉल मैच चल रहा था. इसी दौरान एक ही टीम के दो खिलाड़ी कड़ाक गांव निवासी सोनू उरांव और बगडू बांड़ी गांव निवासी अंशु उरांव आपस में टकराकर मैदान पर गिर पड़े. दोनों को गंभीर चोटें आईं.
सोनू को प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया. रिम्स में उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही. इलाज के दौरान सांसद ने भी अस्पताल पहुंचकर व्यवस्था कराई. उनके जाने के बाद लोहरदगा के खेल पदाधिकारी भी रिम्स पहुंचे.
सात दिन तक जिंदगी और मौत से जूझता रहा सोनू
20 नवंबर से 27 नवंबर तक सोनू रिम्स में जिंदगी और मौत के बीच जूझता रहा. आखिरकार 27 नवंबर की सुबह करीब चार बजे उसकी मौत हो गई. शव को रिम्स से उसके पैतृक गांव कड़ाक लाया गया. इस दौरान नदिया छात्रावास के संदीप उरांव, विनय उरांव, सेन्हा स्टैलियंस के कोच तबारक हुसैन अंसारी, शत्रुधन उरांव और सूरज उरांव भी रिम्स पहुंचे थे.
इस हादसे में घायल दूसरे खिलाड़ी अंशु उरांव की भी हालत गंभीर बताई जा रही है. उसके छह पसलियां टूटने की जानकारी सामने आई है. उसे रिम्स से छुट्टी देकर घर भेज दिया गया है, लेकिन साथी खिलाड़ियों का कहना है कि उसे अब भी बेहतर इलाज की जरूरत है.
सोनू की मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. 27 नवंबर को लोगों ने पावरगंज चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने उचित मुआवजा, सरकारी योजनाओं का लाभ और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की.
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने आरोप लगाया कि फुटबॉल मैच के दौरान रेफरी भी मौजूद नहीं था. उन्होंने पूरे मामले को आयोजन में गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारी मौके पर उपायुक्त को बुलाने की मांग पर अड़े रहे. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं, जिसके कारण चौक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
जिले के खिलाड़ियों, कोच, मैनेजर और खेल प्रेमियों ने भी जिला प्रशासन से सोनू के परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है. जिला खेल पदाधिकारी उपवन बाडा ने बताया कि स्थापना दिवस के अवसर पर फुटबॉल मैच आयोजित किया गया था. उन्होंने यह भी कहा कि वह दो बार रिम्स गए थे.
हालांकि, मैदान पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम और रेफरी की मौजूदगी को लेकर उठे सवालों पर प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस जवाब सामने नहीं आया है.
Also Read : परिसीमन पर अभी अंतिम फैसला नहीं, बिल का अध्ययन कर राज्यहित में निर्णय लेगा JMM : महुआ माजी
No comments yet. Be the first to comment!