नई दिल्ली/रांची। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 के अंतिम दिनों में भी झारखंड पवेलियन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. यहां माटी कला बोर्ड की ओर से मिट्टी के बर्तन बनाने की लाइव डेमो प्रस्तुति लोगों को खासा लुभा रही है. चाक पर मिट्टी को आकार देकर पारंपरिक तकनीक से बर्तन और कलाकृतियां तैयार करते कारीगरों को देखने के लिए आगंतुकों की रुचि बनी हुई है.
हस्तकरघा एवं हस्तशिल्प विभाग की निदेशक प्रीति रानी ने भी लाइव डेमो में हिस्सा लिया. उन्होंने स्वयं चाक पर मिट्टी को आकार देकर झारखंड की पारंपरिक माटी कला का अनुभव किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि झारखंड की मिट्टी में यहां की संस्कृति, परंपरा और स्थानीय कारीगरों की रचनात्मकता की अनूठी पहचान समाहित है. माटी कला केवल एक शिल्प नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा है. लाइव डेमो के माध्यम से लोगों को स्थानीय कलाकारों की मेहनत और हुनर को करीब से जानने का अवसर मिलता है.
चयनित उत्पादों की खरीद पर 20 से 30 प्रतिशत तक छूट
मेले के समापन के करीब पहुंचने के साथ ही झारखंड पवेलियन के विभिन्न स्टॉलों पर खरीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष छूट दी जा रही है. कई स्टॉलों पर चयनित उत्पादों की खरीद पर 20 से 30 प्रतिशत तक की छूट उपलब्ध है. इससे आगंतुक झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पादों और कलात्मक वस्तुओं की खरीदारी आकर्षक कीमतों पर कर सकते हैं.
माटी कला के लाइव डेमो, झारखंड की पारंपरिक कला-संस्कृति और हस्तशिल्प उत्पादों पर मिल रही छूट के कारण IITF-2026 के अंतिम दिनों में भी झारखंड पवेलियन आगंतुकों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है.
No comments yet. Be the first to comment!