गढ़वा. जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सम्मानित किया गया. मंगलवार को पुलिस केंद्र, गढ़वा में आयोजित समारोह में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया.
सम्मान समारोह में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे. इन्हें विधि-व्यवस्था संधारण, अपराध नियंत्रण, कांडों के अनुसंधान और विभिन्न पर्व-त्योहारों के दौरान ड्यूटी में सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
इसके अलावा कार्यालयीन कार्यों तथा कंप्यूटर और सीसीटीएनएस से जुड़े कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया. पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों के कार्यों और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की.
पुलिस विभाग के अनुसार, इस सम्मान समारोह का उद्देश्य बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना और अन्य कर्मियों को भी जिम्मेदारी एवं समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित करना है. पुलिसकर्मियों से भविष्य में भी जनसेवा, अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था के मोर्चे पर तत्परता के साथ काम करने की अपेक्षा जताई गई.
Also Read : संविधान की रक्षा के लिए 26 नवंबर को सड़क पर उतरेगी कांग्रेस, केशव महतो कमलेश करेंगे नेतृत्व
No comments yet. Be the first to comment!