जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड में डेयरी क्षेत्र के विकास और दुग्ध उत्पादकों की आय बढ़ाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है. वर्तमान में राज्य में प्रतिदिन करीब 93.15 लाख लीटर दूध का उत्पादन हो रहा है. वहीं, दुग्ध उत्पादकों को आर्थिक रूप से प्रोत्साहित करने के लिए सरकार की ओर से दूध की आपूर्ति पर 5 रुपये प्रति लीटर प्रोत्साहन राशि दी जा रही है.
26 नवंबर को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने राज्य में डेयरी क्षेत्र की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में झारखंड का वार्षिक दुग्ध उत्पादन बढ़कर 34 लाख मीट्रिक टन हो गया है, जबकि 2024-25 में यह 31.99 लाख मीट्रिक टन था.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि झारखंड मिल्क फेडरेशन (JMF) के माध्यम से दूध संग्रहण में भी बढ़ोतरी हुई है. वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्रतिदिन औसतन 2.39 लाख किलोग्राम दूध का संग्रहण किया गया था, जो अक्टूबर 2026 तक बढ़कर 2.88 लाख किलोग्राम प्रतिदिन हो गया है.
वर्तमान में 60 हजार से अधिक दुग्ध उत्पादक किसान JMF से जुड़े हैं. राज्य में 1,085 मिल्क पूलिंग पॉइंट और 230 पंजीकृत क्रियाशील जिला सहकारी दुग्ध समितियां संचालित हैं. इसके जरिए 3,490 गांवों को दुग्ध संग्रहण व्यवस्था से जोड़ा गया है. सरकार ने वित्तीय वर्ष 2028-29 तक प्रतिदिन 5 लाख किलोग्राम दूध संग्रहण का लक्ष्य रखा है.
गिरिडीह और सरायकेला में बनेंगे नए डेयरी प्लांट
डेयरी क्षेत्र की प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने के लिए गिरिडीह और सरायकेला-खरसावां में 50-50 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता के नए डेयरी संयंत्र स्थापित किए जा रहे हैं. वहीं, रांची में 20 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का दुग्ध पाउडर संयंत्र और दुग्ध उत्पाद डेयरी भी बनाई जा रही है.
मंत्री के अनुसार, इन परियोजनाओं के निर्माण के लिए राज्य सरकार 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता उपलब्ध करा रही है. वर्तमान में JMF के तहत छह दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र संचालित हैं, जिनकी कुल क्षमता 2.80 लाख लीटर प्रतिदिन है.
दूध उत्पादन बढ़ाने के लिए पशुओं को गुणवत्तापूर्ण आहार उपलब्ध कराने पर भी सरकार का जोर है. मेधा डेयरी, होटवार में पहले से 50 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का पशु आहार प्रसंस्करण संयंत्र संचालित है. अब गोड्डा में भी 50 मीट्रिक टन प्रतिदिन क्षमता का नया पशु आहार संयंत्र स्थापित करने की मंजूरी दी गई है. इस परियोजना का काम जल्द शुरू होगा.
नस्ल सुधार के लिए 61.37 लाख कृत्रिम गर्भाधान
मंत्री ने बताया कि राज्य में पशुधन की नस्ल सुधार और दूध उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 के बीच कुल 61.37 लाख कृत्रिम गर्भाधान किए गए हैं. 20वीं पशुधन गणना के अनुसार झारखंड में 112.23 लाख गाय और 13.50 लाख भैंस हैं. राज्य में कुल गोवंशीय पशुधन की संख्या 125.73 लाख बताई गई है.
मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि डेयरी क्षेत्र ग्रामीण परिवारों के लिए नियमित आमदनी और रोजगार का महत्वपूर्ण माध्यम है. सरकार का प्रयास है कि किसानों और पशुपालकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ मिले और आधुनिक सुविधाओं के जरिए झारखंड में दुग्ध उत्पादन और संग्रहण को और बढ़ाया जा सके.
Also Read : विधानसभा के विशेष सत्र के बीच रसोइया दीदियों का आंदोलन, बोली- मांगें पूरी नहीं हुईं तो जारी रहेगा आंदोलन
No comments yet. Be the first to comment!