रांची। कांग्रेस ने एसआइआर और एमएमडीआर संशोधन एक्ट 2026 को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विधानसभा में मोर्चा खोलने की तैयारी की है. पार्टी विशेष सत्र में दोनों मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी. साथ ही एमएमडीआर संशोधन एक्ट के विरोध में सदन से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की रणनीति बनाई है. मंगलवार को कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में इन दोनों मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.
बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और प्रदेश सह प्रभारी भूपेंद्र मारावी मुख्य रूप से उपस्थित थे. बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में प्रदीप यादव ने कहा कि एसआइआर और एमएमडीआर संशोधन एक्ट 2026 के दुष्परिणामों को विशेष सत्र में पूरी मजबूती से सदन के सामने रखा जाएगा.
एसआइआर के जरिए मताधिकार प्रभावित करने का आरोप
प्रदीप यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के इशारे पर चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के माध्यम से एसआइआर की प्रक्रिया के जरिए लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि जिस मतदान के अधिकार के आधार पर लोकतंत्र स्थापित है, उसे प्रभावित करने की कोशिश हो रही है.
उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल में एसआइआर की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में 93 लाख मतदाताओं के नाम काटे गए हैं. इनमें से 33 लाख मतदाताओं के मामले अभी भी ट्रिब्यूनल में लंबित हैं. करीब 1.07 लाख मतदाताओं की सुनवाई हुई है, जिनमें लगभग 93 प्रतिशत मतदाताओं के दावे सही पाए गए हैं. उन्होंने दावा किया कि झारखंड में भी बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे गए हैं. कांग्रेस इस मुद्दे पर विधानसभा में विस्तृत चर्चा करेगी.
एमएमडीआर संशोधन एक्ट के खिलाफ प्रस्ताव लाएगी कांग्रेस
एमएमडीआर संशोधन एक्ट 2026 को लेकर प्रदीप यादव ने कहा कि इसके माध्यम से राज्यों के अधिकार सीमित करने और उन्हें आर्थिक रूप से कमजोर बनाने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राज्यों के आर्थिक विकास और उनके अधिकारों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है.
उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है, जब केंद्र सरकार की ओर से राज्यों के आर्थिक अधिकारों को सीमित करने का प्रयास किया गया है. इससे पहले जीएसटी और अन्य माध्यमों से भी राज्यों के अधिकारों को सीमित करने की कोशिश की गई. कांग्रेस एमएमडीआर संशोधन एक्ट 2026 के विरोध में विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजेगी और इस संशोधन को रद्द करने की मांग करेगी.
कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपिका पांडेय सिंह, शिल्पी नेहा तिर्की, अनूप सिंह, निशात आलम, सोनाराम सिंकू, भूषण बाड़ा, सुरेश बैठा, ममता देवी और विक्सल कोंगाड़ी उपस्थित थे.
Also Read : लुगू बुरू को देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में किया जाएगा विकसित : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन
No comments yet. Be the first to comment!