रांची। राज्यसभा सांसद परिमल नथवानी ने झारखंड में अपने पूर्व के दो कार्यकाल के दौरान प्रयासों से कराए गए विकास कार्यों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया. इस क्रम में उन्होंने रांची के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर रातू रोड स्थित निगम अस्पताल, करमटोली स्थित आदिवासी छात्रावास और बड़ाम स्थित आदर्श ग्राम का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए.
दौरे की शुरुआत रातू रोड स्थित निगम अस्पताल से हुई. इस अस्पताल भवन का निर्माण सांसद परिमल नथवानी के प्रयासों से कराया गया था. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल संचालकों से मुलाकात कर अस्पताल के संचालन, रखरखाव, चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता की जानकारी ली. उन्होंने विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को मिल रही उपचार सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की. अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के बाद उन्होंने अपनी टीम को कमियों को दूर कर अस्पताल को जल्द सुव्यवस्थित करने का निर्देश दिया.
आदिवासी छात्रावास के पुस्तकालय का किया निरीक्षण
इसके बाद सांसद करमटोली स्थित आदिवासी छात्रावास पहुंचे. यहां उन्होंने परिसर में निर्मित पुस्तकालय भवन का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली. उन्होंने पुस्तकालय और छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अपनी टीम को जरूरी निर्देश दिए.
छह साल बाद बड़ाम पहुंचे सांसद, ग्रामीणों ने किया पारंपरिक स्वागत
अपने दौरे के क्रम में परिमल नथवानी बड़ाम स्थित आदर्श ग्राम पहुंचे. इस गांव को उन्होंने अपने पूर्व सांसद कार्यकाल के दौरान गोद लिया था. करीब छह वर्षों के अंतराल के बाद सांसद को गांव में देखकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला. महिलाओं, बच्चों और अन्य ग्रामीणों ने पारंपरिक झारखंडी रीति-रिवाजों के साथ उनका भव्य स्वागत किया.
इस दौरान सांसद ने गांव में अपने प्रयासों से कराए गए विकास कार्यों और निर्मित भवनों का निरीक्षण किया. आवासीय विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं. इसके अलावा स्वास्थ्य उपकेंद्र और लीगल एड क्लिनिक का भी जायजा लिया. स्वास्थ्य उपकेंद्र में कार्यरत नर्सों से बातचीत कर उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और उनकी समस्याओं की जानकारी ली. वहीं, लीगल एड क्लिनिक में कानूनी सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की.
ग्रामीणों से किया संवाद, विकास योजनाओं के बेहतर संचालन पर जोर
बड़ाम में ग्रामीणों के साथ संवाद के दौरान सांसद ने उनकी समस्याएं सुनीं और क्षेत्र की विकास संबंधी जरूरतों की जानकारी ली. उन्होंने पूर्व में शुरू की गई विकास योजनाओं के रखरखाव और उनके बेहतर संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी चर्चा की.
निरीक्षण के दौरान सांसद ने विभिन्न विकास कार्यों की मौजूदा स्थिति को समझा और संबंधित व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अपनी टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण कार्यक्रम पूरा करने के बाद वे वापस रांची लौट आए.
No comments yet. Be the first to comment!