बोकारो : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को बोकारो जिले के ललपनिया में आयोजित ‘लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ राजकीय महोत्सव एवं अंतरराष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन’ के समापन समारोह में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के लोगों से शैक्षणिक, बौद्धिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनने के लिए संगठित होने की अपील की.
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा ही समाज में शक्ति, उन्नति, मजबूती और सकारात्मक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम है. आदिवासी समाज को अपने संवैधानिक एवं सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा. उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है और यहां के खनिजों से देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है, लेकिन इसके बावजूद आदिवासी समाज आज भी पिछड़ेपन का सामना कर रहा है. खनिज संपदा पर आदिवासी समाज की भी हिस्सेदारी सुनिश्चित होनी चाहिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के समग्र विकास के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा. युवाओं को शिक्षित करना जरूरी है, ताकि वे अपने समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें.
लुगू बुरू बनेगा देश का प्रमुख पर्यटन केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी धोरोमगढ़ को देश के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में विकसित करने का निर्णय लिया गया है. इसके विकास से आदिवासी समाज की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी. यहां देशभर से लोग आएंगे और संताल समाज की परंपराओं एवं संस्कृति को करीब से जान सकेंगे.
आदिवासी विरासत को संरक्षित करने के लिए बनेगा संग्रहालय
मुख्यमंत्री ने कहा कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी में संग्रहालय का निर्माण कराया जा रहा है. इसका उद्देश्य आदिवासी समाज की पहचान, परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करना है. संग्रहालय के माध्यम से नई पीढ़ी अपनी पारंपरिक एवं पौराणिक विरासत को समझ सकेगी. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक वर्ष इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थल के विकास के लिए प्रयास कर रही है. महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.
उन्होंने सरना धर्म कोड के मुद्दे पर कहा कि राज्य सरकार इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है. वर्तमान में एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है और आगामी जनगणना को देखते हुए समाज के लोगों को विशेष रूप से जागरूक रहने की जरूरत है.
मुख्यमंत्री ने बताया कि लुगू बुरू घांटाबाड़ी राजकीय महोत्सव के अवसर पर उनके दिवंगत पूज्य पिता दिशोम गुरु शिबू सोरेन और माता रूपी सोरेन की पावन स्मृति में तीन दिवसीय खिचड़ी प्रसाद वितरण का आयोजन किया जा रहा है.
भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
ललपनिया हेलीपैड पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. इसके बाद मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की.
समारोह में पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री चमरा लिंडा, राज्य मंत्री फागू बेसरा, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, उमाकांत रजक, ऊर्जा विभाग के सचिव के. श्रीनिवासन, आरसीसीएफ डॉ. आर. तांगा पंडीयान, उत्तरी छोटानागपुर प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना, आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन, उपाध्यक्ष लोबिन मुर्मू सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे.
इस अवसर पर झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात और नेपाल सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों ने भाग लिया.
No comments yet. Be the first to comment!