जोहार लाइव ब्यूरो
YBN यूनिवर्सिटी, रांची के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण रहा. विश्वविद्यालय परिसर में पहली बार आयोजित दीक्षांत समारोह में शिक्षा, उपलब्धि और सफलता का अनूठा संगम देखने को मिला. समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो तथा भारत सरकार की केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी उपस्थित रहीं. वहीं, विशेष अतिथि के रूप में ओडिशा के संबलपुर स्थित गंगाधर मेहर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. ब्योमकेश त्रिपाठी शामिल हुए. इसके अलावा सरला बिरला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सी. जगन्नाथन, कुलसचिव प्रो. एस. बी. दंडिल और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सेवानिवृत्त उप महाप्रबंधक प्रमोद रंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही. इस समारोह में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को पीएचडी, स्नातकोत्तर, स्नातक और डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं. वर्षों की मेहनत के बाद उपाधि हासिल करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और अभिभावकों में गर्व का भाव साफ नजर आया.
विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों को मिली उपाधियां
समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान करने का गौरवपूर्ण क्षण रहा. विश्वविद्यालय की ओर से वर्ष 2025 तक के शैक्षणिक सत्रों के लिए कुल 10,030 विद्यार्थियों को पंजीकरण का अवसर उपलब्ध कराया गया था. निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण पूरा करने वाले विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में उपाधियां प्रदान की गईं.
उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला. वहीं, अपने बच्चों की इस उपलब्धि पर अभिभावक भी गौरवान्वित नजर आए. विद्यार्थियों के वर्षों के परिश्रम, समर्पण और शैक्षणिक उपलब्धियों को इस समारोह के माध्यम से सम्मान मिला.
कुलपति ने प्रस्तुत किया विश्वविद्यालय की उपलब्धियों का प्रतिवेदन
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यदेव पोद्दार ने अतिथियों का स्वागत किया. उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विकास यात्रा और भविष्य की योजनाओं पर आधारित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. अपने संबोधन में उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया.
समारोह में विश्वविद्यालय के संस्थापक, कुलपति, कुलाधिपति और कुलसचिव सहित डीन एकेडमिक्स, परीक्षा नियंत्रक, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्राध्यापक एवं शिक्षाकर्मी उपस्थित रहे.
समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं है, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत भी है.
उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान, कौशल, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया. साथ ही युवाओं को अपने निर्धारित लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया.
YBN यूनिवर्सिटी का पहला दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक विकास यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में दर्ज हुआ. इस आयोजन ने विद्यार्थियों की मेहनत और सफलता को सम्मान देने के साथ ही उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता, उत्कृष्टता और नवाचार को बढ़ावा देने के विश्वविद्यालय के संकल्प को भी रेखांकित किया.
समारोह का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना और उनके नए शैक्षणिक एवं व्यावसायिक सफर के लिए शुभकामनाओं के साथ हुआ.
Also Read : लंदन जाने से रोके गए CJP नेता सौरव दास, ऑक्सफोर्ड यूनियन में होनी थी ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर चर्चा
No comments yet. Be the first to comment!