जोहार लाइव ब्यूरो
बुटी क्रिकेट क्लब की होनहार क्रिकेटर कुमारी पलक ने अपनी प्रतिभा और शानदार प्रदर्शन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. उनका चयन इंग्लैंड दौरे पर जाने वाली भारतीय अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ है. पलक 26 नवंबर से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली क्रिकेट श्रृंखला में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी. उनकी इस उपलब्धि से बुटी क्रिकेट क्लब सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है.
पलक ने हाल ही में इंडिया ए, इंडिया बी और नेपाल के बीच आयोजित ट्राई-सीरीज में अपने शानदार प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया था. 22 नवंबर को खेले गए फाइनल मुकाबले में इंडिया बी की ओर से बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने महज 25 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए. उनकी इस बेहतरीन पारी की बदौलत इंडिया बी ने फाइनल मुकाबला जीतकर ट्रॉफी अपने नाम की. लगातार बेहतर प्रदर्शन के दम पर पलक ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है.
कोच ने जताई खुशी
बुटी क्रिकेट क्लब के कोच पंचीत कुमार ने पलक के चयन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है. उन्होंने विश्वास जताया कि पलक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा साबित करेंगी. पलक के शानदार प्रदर्शन को देखते हुए 2027 महिला अंडर-19 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में उनके चयन की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं.
पलक की इस उपलब्धि पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, आजसू जिला अध्यक्ष संजय कुमार, पूर्व प्रमुख जयगोविंद उर्फ लालू साहू, मुखिया जुगुन मुंडा, हितेंद्र सिंह और शंकर महतो सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी. वहीं, झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) के अध्यक्ष अजय नाथ सहदेव और सचिव सौरव तिवारी ने भी पलक के उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
बेटी के भारतीय टीम में चयन और इस बड़ी सफलता से उनकी मां संगीता भगत भी बेहद खुश हैं. पलक की इस उपलब्धि को क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है.
Also Read : स्थापना दिवस पर विशेष : 26 वर्षों का झारखंड : राज्य तो बना, अब सपनों का झारखंड बनाना है
No comments yet. Be the first to comment!