रांची : आदिवासी साहित्य की नई पीढ़ी की आवाज को पहचान और मंच देने के उद्देश्य से पांचवां जयपाल-जुलियस-हन्ना साहित्य पुरस्कार समारोह 22 नवंबर को रांची में आयोजित होगा. वर्ष 2026 के लिए तीन आदिवासी युवा रचनाकारों की कृतियों का चयन मुख्य पुरस्कार के लिए किया गया है. इस बार जम्मू-कश्मीर के गुज्जर-बकरवाल समुदाय के साहित्यकार जान मोहम्मद हकीम और केरल के उराली आदिवासी समुदाय की प्रख्यात महिला उपन्यासकार पुष्पम्मा एस. रचनाकारों को सम्मानित करेंगी.
समारोह रांची स्थित पद्मश्री डॉ. रामदयाल मुंडा जनजातीय कल्याण एवं शोध संस्थान के सभागार में सुबह 10 बजे से शुरू होगा.
तीन युवा रचनाकारों की कृतियों को मिलेगा मुख्य सम्मान
2026 के जयपाल-जुलियस-हन्ना साहित्य पुरस्कार के लिए छोटनी कुमारी की असुर-हिंदी कविता पुस्तक ‘सँड़सी-कुटासी’, नीतिशा खलखो के हिंदी कविता संग्रह ‘खदबदा रहे हैं जंगल’ और भावेश गोंदू बागुल की कृति ‘भूक का चांद’ का चयन किया गया है.
इन कृतियों के जरिए अलग-अलग आदिवासी समुदायों के अनुभव, सामाजिक यथार्थ और साहित्यिक अभिव्यक्ति को सामने लाने वाले युवा रचनाकारों को पहचान मिलेगी.
चार अन्य आदिवासी लेखकों को प्रोत्साहन सम्मान
मुख्य पुरस्कार के अलावा देश के चार अन्य आदिवासी लेखकों और उनकी कृतियों को प्रोत्साहन सम्मान दिया जाएगा.
इनमें अरुण कटारा ‘पलवाड़ी’ की भीली काव्य-पुस्तक ‘वाट नो वटारू’, अलताफ सलीम तड़वी का भिल्लोरी-हिंदी कविता संग्रह ‘जतरा’, सुलेमान मरांडी की संताली कविता पुस्तक ‘बोदोल जुमी’ और मनीष एवं मनोज मीणा का संयुक्त हिंदी कविता संग्रह ‘नहीं आती अब गदूली से तमाकू की महक’ शामिल है.
इस तरह समारोह में देश की अलग-अलग आदिवासी भाषाओं और समुदायों से जुड़े सात साहित्यिक कृतियों को सम्मानित किया जाएगा. यह आयोजन आदिवासी भाषाओं, साहित्यिक परंपराओं और नई पीढ़ी के लेखन को व्यापक पहचान देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
Also Read : झारखंड में SIR की बढ़ी डेडलाइन, अब 22 दिसंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

