जोहार लाइव ब्यूरो
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर अब झारखंड के मौसम पर भी पड़ने वाला है. चक्रवात के प्रभाव से राज्य में बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने 20 और 21 नवंबर को झारखंड के 19 जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, 19 नवंबर से ही राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात के प्रभाव से राज्य के अलग-अलग इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की भी आशंका है.
मौसम विभाग ने 20 नवंबर को झारखंड के 11 जिलों में भारी बारिश और मेघ गर्जन की संभावना जताई है. इनमें लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं. इन जिलों में चक्रवात के प्रभाव से मौसम प्रतिकूल रह सकता है.
21 नवंबर को इन 8 जिलों में यलो अलर्ट
वहीं, 21 नवंबर को राज्य के आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इनमें धनबाद, गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं. मौसम विभाग ने इन जिलों में बारिश की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात ‘अकवान’ का असर 19 नवंबर से झारखंड में दिखने लगेगा. इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच पहुंचने की संभावना है. इसके प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में बारिश और मेघ गर्जन की स्थिति बन सकती है.
अधिकतम तापमान में 3 डिग्री तक आएगी गिरावट
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, चक्रवात का असर राजधानी रांची समेत मध्य और दक्षिणी झारखंड में अधिक देखने को मिलेगा. 19 नवंबर से इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है. वहीं, न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है.
मौसम विभाग के अनुसार, 22 नवंबर से चक्रवात का प्रभाव कमजोर पड़ने लगेगा. इसके बाद 24 नवंबर से झारखंड में मौसम सामान्य होने की संभावना है.
Also Read : TRAI के सदस्य नीलकंठ मिश्रा ने बीच में ही छोड़ा पद, तीन साल का था कार्यकाल; जानिए कौन हैं

