जोहार लाइव ब्यूरो
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में आयोजित आदिवासी जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक सूर्य सिंह बेसरा पर हुए हमले की डुमरी विधायक जयराम महतो ने कड़ी निंदा की है. झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के नेता जयराम महतो ने इस घटना को बेहद दुखद, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है.
जयराम महतो ने कहा कि सूर्य सिंह बेसरा केवल पूर्व विधायक नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन के वरिष्ठ योद्धा हैं. उन्होंने अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए अपना पूरा जीवन संघर्ष में लगा दिया. ऐसे वरिष्ठ आंदोलनकारी के साथ इस उम्र में दुर्व्यवहार और मारपीट की खबर बेहद दुखद है.
उन्होंने राज्य की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जमीन माफियाओं, कोयला माफियाओं और राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों को अंगरक्षक उपलब्ध कराए जा रहे हैं, लेकिन एक झारखंड आंदोलनकारी और पूर्व विधायक को सुरक्षा तक नहीं दी जाती. उन्होंने सवाल किया कि जिन लोगों ने झारखंड राज्य के निर्माण में अपना जीवन लगा दिया, आज उनकी सुरक्षा की चिंता करने वाला कोई क्यों नहीं है.
जयराम महतो ने कहा कि विचारों में मतभेद और सामाजिक असहमतियां हो सकती हैं, लेकिन इससे बुजुर्गों के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाने का अधिकार किसी को नहीं मिल जाता. उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान करने और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की.

