रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने दिलीप तिर्की को सिमडेगा पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की सूचना पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि दिलीप तिर्की को कहां रखा गया है, इसकी जानकारी तक उनके परिजनों को नहीं दी जा रही है. इससे परिजन उनकी सलामती को लेकर बेहद चिंतित हैं.
बाबूलाल मरांडी ने पोस्ट में बताया कि दिलीप तिर्की की बहन ने वीडियो जारी कर अपने भाई की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है. उन्होंने कहा है कि यदि उनके भाई के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए विधायक भूषण बाड़ा और सिमडेगा पुलिस जिम्मेदार होंगे.
मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को टैग करते हुए पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक के कथित कुकर्मों पर पर्दा डालने के लिए पुलिस किस हद तक जा सकती है, यह पूरा देश देख रहा है.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि किसी व्यक्ति को हिरासत में लेने के बाद उसके परिजनों को उसकी स्थिति और ठिकाने की जानकारी नहीं देना पुलिस और सरकार की मंशा पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने दिलीप तिर्की को तत्काल सुरक्षित ढंग से प्रस्तुत करने और उनकी स्थिति स्पष्ट करने की मांग की.
मरांडी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अन्याय व सत्ता के दुरुपयोग का हिसाब देना होगा.
भूषण बाड़ा प्रकरण में दिलीप तिर्की का नाम कैसे आया
बता दे, सिमडेगा की 14 वर्षीय आदिवासी लड़की ने आरोप लगाया कि उसे मई 2026 में पढ़ाई और स्कूल में दाखिला दिलाने का भरोसा देकर रांची लाया गया था. इसके बाद उसे विधायक के सरकारी आवास पर घरेलू काम में लगा दिया गया.
लड़की ने आरोप लगाया कि 5 अगस्त 2026 को विधायक भूषण बाड़ा ने उसके साथ यौन शोषण किया. उसने शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के आरोप भी लगाए. शिकायत के आधार पर 13 नवंबर को रांची के धुर्वा थाने में विधायक और दो अन्य महिलाओं के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई.
इसी मामले में 13 नवंबर को एक दूसरी प्राथमिकी सिमडेगा के पाकरटांड़ थाने में दर्ज हुई. यह प्राथमिकी नाबालिग लड़की के दादा की शिकायत पर दर्ज की गई. दादा ने आरोप लगाया कि दिलीप तिर्की और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर अभिषेक भारती उनकी नाबालिग पोती को कथित तौर पर अगवा कर ले गए थे. उन पर लड़की को डराने-धमकाने और विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ झूठे और भ्रामक बयान देने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया गया.
पुलिस ने इसी शिकायत के आधार पर दिलीप तिर्की और अभिषेक भारती के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट की धारा 23(4) के तहत केस दर्ज किया.
Also Read : झारखंड : पलामू में लेवी वसूलने की तैयारी में था राहुल दुबे गैंग, दो पिस्टल और 12 गोलियों के साथ चार गिरफ्तार

