पलामू में राहुल दुबे गैंग के चार संदिग्ध सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, चारों मंगरदाहा घाटी में हथियारों के साथ किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे. वे लहलहे में चल रहे एक कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग कर लेवी मांगने की योजना बना रहे थे. इनके पास से दो देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 12 जिंदा गोलियां, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी को 17 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग अवैध हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में घूम रहे हैं. सूचना के आधार पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव के नेतृत्व में छापेमारी टीम बनाई गई. पुलिस टीम जब मंगरदाहा घाटी स्थित कचड़ा डिपो के पास पहुंची तो पुलिस को देखकर चार युवक भागने लगे. इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया.
गिरफ्तार युवकों की पहचान सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मो. सैफ, युसुफ अंसारी और शाहिद खलीफा के रूप में हुई है. सभी पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं.
कंस्ट्रक्शन साइट पर फायरिंग की थी योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सईद मोसाहिद उर्फ छोटू ने बताया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं. सभी की योजना लहलहे में चल रहे कंस्ट्रक्शन साइट पर जाकर फायरिंग करने और वहां से लेवी मांगने की थी. पुलिस ने चारों के पास से हथियार और मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सईद मोसाहिद उर्फ छोटू का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ चैनपुर थाना में कांड संख्या 228/25 दर्ज है. इस मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 238, 61(2), 3(5) और 303(2) लगाई गई हैं.
इस कार्रवाई में एसडीपीओ राजेश यादव के अलावा चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी, पुलिस अवर निरीक्षक शिवनाथ रंजन, रमण यादव, अनुप टोपनो और सहायक अवर निरीक्षक सिंगराय हेम्ब्रम, विक्रम सिंह तामसोय सहित चैनपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे.

