देवघर: देवघर को जल्द ही 49 किलोमीटर लंबे बाईपास की सौगात मिल सकती है. इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्र सरकार ने अंतिम अधिसूचना जारी कर दी है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 5 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना में देवघर बाईपास के लिए 14 प्लॉट की कुल 0.5830748 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण की घोषणा की है. यह बाईपास NH-333 और NH-133 को NH-114A से जोड़ेगा.
राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम, 1956 की धारा 3D के तहत जारी इस अधिसूचना के अनुसार, संबंधित जमीन राजपत्र में प्रकाशन के साथ सभी तरह के भारों से मुक्त होकर केंद्र सरकार में निहित हो जाएगी. अधिग्रहण की सूची में देवघर और मोहनपुर अंचल के 12 गांवों की जमीन शामिल है. इनमें निजी रैयतों की जमीन के साथ झारखंड सरकार के नाम दर्ज दो प्लॉट भी हैं.
12 गांवों के 14 प्लॉट होंगे अधिग्रहित
मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार, देवघर अंचल के माधोपुर, नवाडीह, बंधाकेंदुआ, कुसमाहा, ओझाझमुआ और रोहिणी गांवों के प्लॉट शामिल हैं. वहीं मोहनपुर अंचल के सतबहिरी, छातमी, उदयपुर, बरगछा, पथरगड़हा और करनकोल गांवों की जमीन का भी अधिग्रहण किया जाएगा.
अधिग्रहित होने वाली जमीन में सबसे अधिक 0.190488 हेक्टेयर बरगछा गांव के प्लॉट संख्या 34 की है. इसके बाद रोहिणी गांव के प्लॉट संख्या 2169 की 0.133549 हेक्टेयर जमीन शामिल है. उदयपुर के प्लॉट संख्या 333 और पथरगड़हा के प्लॉट संख्या 198 की जमीन झारखंड सरकार के नाम दर्ज है.
जुलाई में जारी हुई थी प्रारंभिक अधिसूचना
देवघर बाईपास के लिए केंद्र सरकार ने 10 जुलाई 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम की धारा 3A के तहत प्रारंभिक अधिसूचना जारी की थी. इसमें जमीन अधिग्रहण के इरादे की घोषणा की गई थी.
इसके बाद प्रभावित जमीन को लेकर धारा 3C के तहत आपत्तियां दाखिल की गईं. मंत्रालय की ताजा अधिसूचना में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी ने प्राप्त आपत्तियों पर विचार कर उनका निपटारा किया और अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपी. रिपोर्ट मिलने के बाद धारा 3D के तहत जमीन अधिग्रहण की घोषणा की गई.
49 किलोमीटर लंबे इस बाईपास का उद्देश्य देवघर के आसपास राष्ट्रीय राजमार्गों को आपस में जोड़ना है. इसके निर्माण से शहर से गुजरने वाले यातायात को वैकल्पिक मार्ग मिलने की उम्मीद है. खासकर लंबी दूरी के वाहनों और भारी यातायात को शहर के भीड़भाड़ वाले हिस्सों से बाहर निकालने में मदद मिल सकती है. इससे देवघर और आसपास के क्षेत्रों की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने की संभावना है.
Also Read : झारखंड में भूजल का अवैध दोहन करने वालों को बड़ी राहत, जुर्माने में मिलेगी 75 प्रतिशत तक छूट

