जमशेदपुर: टाटा कंपनी के संवाद कार्यक्रम में पूर्व विधायक और वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी सूर्य सिंह बेसरा के साथ कथित मारपीट की घटना पर झारखंड आंदोलनकारी एवं जनजातीय सलाहकार परिषद (TAC) के पूर्व सदस्य रतन तिर्की ने कड़ी नाराजगी जताई है. उन्होंने टाटा कंपनी से संवाद कार्यक्रम तत्काल बंद करने की मांग की है.
रतन तिर्की ने कहा कि जिस कार्यक्रम में देशभर के आदिवासियों को आमंत्रित किया जाता है, वहां एक वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी के साथ मारपीट होना बेहद निंदनीय और शर्मनाक है. इस घटना ने कार्यक्रम के आयोजन, सुरक्षा व्यवस्था और कंपनी की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
उन्होंने कहा कि देशभर से आदिवासियों को बुलाकर सांस्कृतिक नृत्य और मनोरंजन के आयोजन करने भर से आदिवासी समाज का विकास नहीं होगा. टाटा कंपनी को बताना चाहिए कि संवाद कार्यक्रम में आदिवासियों के जल, जंगल, जमीन, विस्थापन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और संवैधानिक अधिकारों पर कितना सार्थक संवाद होता है. पिछले कई वर्षों से आयोजित इस कार्यक्रम से आदिवासी समाज को क्या ठोस उपलब्धियां हासिल हुई हैं, इसका हिसाब कंपनी को देना चाहिए.
रतन तिर्की ने सवाल उठाया कि जब कंपनी के अपने आयोजन में एक वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी के साथ मारपीट हो जाती है, तो प्रबंधन क्या कर रहा था और आयोजन की सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी थी? उन्होंने कंपनी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने और आदिवासी समाज तथा झारखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की.
उन्होंने कहा कि यदि संवाद कार्यक्रम से आदिवासी समाज को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा है और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव की कोई उम्मीद नहीं है, तो ऐसे आयोजनों का औचित्य नहीं है. आदिवासियों को मंच पर नचाने से पहले उनके अधिकारों, सम्मान और स्वाभिमान का सम्मान करना सीखना होगा.

