रांची. झारखंड स्थापना दिवस और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर 28 नवंबर तक राज्यभर में 15 दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसकी शुरुआत 15 नवंबर को स्वच्छता के लिए दौड़ के साथ हुई. वहीं, 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में भव्य समारोह के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा.
इस दौरान 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर खेलकूद, नाटक, नृत्य-संगीत और निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को 26 और 27 नवंबर को खेलगांव में राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा. विजेताओं को 28 नवंबर को मुख्य समारोह में सम्मानित किया जाएगा.
तीन दिनों तक लगेगा मेला और होगी सांस्कृतिक संध्या
26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी. इसमें विभिन्न विभागों के स्टॉल के अलावा राज्य के सभी जिलों के एक-एक स्टॉल लगाए जाएंगे. यहां सरकारी योजनाओं, जनोपयोगी सेवाओं, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों की जानकारी मिलेगी. नवाचार से जुड़े विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे.
इसी दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें झारखंड की लोककला, संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी.
योजनाओं का उद्घाटन और परिसंपत्तियों का वितरण
28 नवंबर को आयोजित मुख्य समारोह में विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा. साथ ही योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण होगा. पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को भी सम्मानित किया जाएगा.
Also Read : झारखंड: IITF में माटी कला और टेराकोटा का आकर्षण, लाइव डेमो में हाथ आजमा रहे पर्यटक



