रांची/नई दिल्ली: दिल्ली में आयोजित 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. फोकस स्टेट के रूप में शामिल झारखंड की पारंपरिक माटी कला और टेराकोटा शिल्प को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. यहां कारीगर लाइव डेमो के जरिए मिट्टी से उपयोगी और सजावटी उत्पाद तैयार कर रहे हैं.
पवेलियन में कारीगर ट्रे, सुराही, कप, गिलास, थाली और केतली जैसे उत्पाद बनाकर अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं. खास बात यह है कि आगंतुक न केवल इन उत्पादों को बनते हुए देख सकते हैं, बल्कि खुद भी मिट्टी से चीजें तैयार करने का अनुभव ले सकते हैं. मेले में कारीगरों द्वारा बनाए गए उत्पादों की सीधे खरीदारी की सुविधा भी उपलब्ध है.
कारीगरों को बाजार से जोड़ने की पहल
झारखंड की माटी कला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और स्थानीय कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराने के लिहाज से यह मेला महत्वपूर्ण माना जा रहा है. राज्य सरकार पारंपरिक कुम्हारों और माटी शिल्पकारों के कौशल विकास, आधुनिक डिजाइन और आजीविका के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रयास कर रही है. माटी कला बोर्ड की परिकल्पना भी इसी उद्देश्य से जुड़ी है.
IITF में झारखंड पवेलियन के जरिए राज्य की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प को देशभर के लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. इससे स्थानीय कारीगरों को सीधे उपभोक्ताओं से जुड़ने और अपने उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशने का अवसर मिल रहा है.
Also Read : वोट चोरी पर CEC समेत तीनों चुनाव आयुक्तों से 48 सवालों के जवाब मांगने सुप्रीम कोर्ट पहुंचा INDIA गठबंधन



