रांची. झारखंड राज्य स्थापना दिवस और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रविवार को कोकर स्थित बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की. मुख्यमंत्री के साथ उनकी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी पुष्पचक्र अर्पित कर धरती आबा को नमन किया. इसके बाद मुख्यमंत्री बिरसा चौक पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया.
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का अदम्य साहस, संघर्ष, त्याग और बलिदान झारखंड के स्वाभिमान एवं गौरव का प्रतीक है. जल, जंगल, जमीन और आदिवासी समाज की अस्मिता व अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती और झारखंड स्थापना दिवस पूरे देश, विशेषकर आदिवासी समाज और झारखंडवासियों के लिए गौरव एवं ऐतिहासिक महत्व का दिन है. धरती आबा ने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व करते हुए न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश को नई दिशा और प्रेरणा दी.
उन्होंने कहा कि धरती आबा के सपनों और आदर्शों के अनुरूप झारखंड को समृद्ध, सशक्त और विकसित राज्य बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है. राज्य की आदिवासी संस्कृति, परंपरा, भाषा और प्राकृतिक संसाधन इसकी विशिष्ट पहचान हैं. इनके संरक्षण और संवर्धन के साथ गरीब, वंचित, आदिवासी और मूलवासी समुदायों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है.





