रांची/गुवाहाटी: असम के काजीरंगा में शुक्रवार को भीषण सड़क हादसे में कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए. हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर रंगाजन के पास हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई.
जानकारी के अनुसार, मिनी बस जोरहाट से गुवाहाटी की ओर जा रही थी. बस में करीब 40 लोग सवार थे, जिनमें कॉलेज के विद्यार्थी भी शामिल थे. दुर्घटना गोलाघाट जिले में काजीरंगा नेशनल पार्क के पास हाथीकुली टी एस्टेट के नजदीक कोहोरा रेंज में हुई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. हादसे में बच्चों और बस चालक की भी मौत हुई है. घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया. कई घायलों को बेहतर इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया.
असम सरकार के मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की. उन्होंने शुरुआती तौर पर बस की तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह बताया. प्रत्यक्षदर्शियों ने भी बस के तेज गति से चलने की बात कही है.
अमित शाह और मुख्यमंत्री ने जताया दुख
हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गहरा दुख जताया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि काजीरंगा में हुई इस दुखद दुर्घटना में अनमोल जिंदगियां चली गईं. उनकी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ हैं. उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि इस मुश्किल घड़ी में पूरा असम प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है. उन्होंने घायलों को जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.





