रांची। बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार में विचाराधीन बंदी रहे 20 वर्षीय युवक के साथ कथित सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार का मामला राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) पहुंच गया है. चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन (CRF) ने आयोग को पत्र लिखकर जेल का निरीक्षण कराने और मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है. युवक के पिता की शिकायत पर खेलगांव थाना में जेल अधीक्षक, मेडिकल ऑफिसर, वार्ड इंचार्ज, एक पुलिसकर्मी और बंदियों समेत 19 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
दरअसल, पीड़ित के पिता की शिकायत के अनुसार, युवक जब जेल में विचाराधीन बंदी था, तब महाशिवरात्रि, रामनवमी और सरहुल के दौरान उसके साथ तीन बार सामूहिक अप्राकृतिक यौनाचार किया गया. आरोप है कि महाशिवरात्रि पर उसे जबरन साड़ी पहनाकर और नशीला पदार्थ पिलाकर कई बार यौन हिंसा की गई. इस दौरान रक्तस्राव होने का भी आरोप है. शिकायत के मुताबिक, देवी-देवताओं के आपत्तिजनक रूप दिया गया.
जेल अधिकारियों पर शिकायत दबाने का आरोप
पीड़ित के पिता ने आरोप लगाया है कि युवक ने जेल में अपने साथ हुई घटनाओं की शिकायत वार्ड इंचार्ज से की थी, लेकिन उसका आवेदन फाड़ दिया गया और गाली-गलौज की गई. रक्तस्राव होने पर जेल अस्पताल पहुंचने के बावजूद मेडिकल ऑफिसर ने उसका इलाज नहीं किया. रिहाई के समय भी मेडिकल जांच नहीं कराई गई.
युवक रातू थाना क्षेत्र का रहने वाला है. वह एक मामले (कांड संख्या 21/2026) में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में था. रांची की अदालत ने 12 जून 2026 को उसे बरी कर दिया था. घर लौटने के बाद उसने परिजनों को जेल में कथित प्रताड़ना की जानकारी दी. इसके बाद उसके पिता पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
NHRC से जेल निरीक्षण की मांग
चाइल्ड राइट्स फाउंडेशन ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सामने चार मांगें रखी हैं. जिसमें संगठन ने आयोग से तत्काल मामले का संज्ञान लेकर बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा, होटवार का जेल विजिट करने का आग्रह किया है. इसके साथ ही पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है, ताकि जेल के भीतर हुई कथित घटनाओं और अधिकारियों की भूमिका की जांच हो सके.
शिकायत में जेल के अंदर पहले प्रताड़ित किए गए अन्य सभी बच्चों और बंदियों के बयान दर्ज कराने की मांग की गई है. संगठन का कहना है कि जांच का दायरा केवल इस युवक तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जेल में ऐसी अन्य घटनाओं की भी जानकारी जुटाई जानी चाहिए.
वहीं संगठन ने कथित यौन हिंसा में शामिल सभी नामजद आरोपियों और संलिप्त जेल अधिकारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही आरोपियों का तत्काल दूसरे जेल में स्थानांतरण करने का आग्रह किया है.
इसके अलावा संगठन ने इस कथित आपराधिक घटना में संलिप्त पूरी जेल टीम के साथ जेल आईजी पर भी आवश्यक और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है. शिकायत में जेल प्रशासन की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया गया है.
Also Read : होटवार जेल में विचाराधीन कैदी से तीन बार यौन उत्पीड़न का आरोप, जेल अधीक्षक समेत 19 लोग FIR में नामजद


