जमशेदपुर: मंगल ग्रह पर उड़ते लाल धूल के गुबार, सतह की चट्टानों का मुआयना करते ड्रोन और अंतरिक्ष में खुद से मरम्मत करते रोबोट—यह किसी हॉलीवुड साइ-फाई फिल्म का सीन नहीं, बल्कि एनआईटी जमशेदपुर के शोधकर्ताओं की हकीकत बनने वाली परिकल्पना है. स्पेस रोबोटिक्स और ऑटोनॉमस नेविगेशन पर हुए इस अभूतपूर्व शोध ने अंतरिक्ष विज्ञान के भविष्य को एक नई दिशा दे दी है.
दरअसल, NIT जमशेदपुर के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के दो शोधार्थियों कुमार अभिषेक और अश्विनी कुमार सिंह को स्पेस रोबोटिक्स और ऑटोनॉमस नेविगेशन से जुड़े शोध के लिए पीएचडी की उपाधि मिली है. उनके शोध भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों, उपग्रहों के रखरखाव और मंगल ग्रह की खोज में उपयोगी हो सकते हैं.
कुमार अभिषेक ने अंतरिक्ष में बिना किसी स्थिर बाहरी सहारे के काम करने वाले फ्री-फ्लोटिंग रोबोटिक सिस्टम पर शोध किया. ऐसे रोबोट भविष्य में उपग्रहों की मरम्मत और अंतरिक्ष उपकरणों के रखरखाव में मदद कर सकते हैं. उनके शोध में रोबोट की गति, सटीकता और कार्यक्षमता के साथ उसकी गतिविधियों से अंतरिक्ष यान पर पड़ने वाले प्रभावों का भी अध्ययन किया गया.
वहीं, अश्विनी कुमार सिंह ने ऐसे रोबोटिक सिस्टम पर काम किया, जो GPS या पहले से तैयार नक्शे के बिना रास्ता तलाश सकते हैं. इसके लिए कैमरों और लेजर सेंसर की मदद से आसपास के वातावरण को समझने और रास्ता तय करने की तकनीक का अध्ययन किया गया. इसका इस्तेमाल औद्योगिक उत्पादन, ऑटोमोबाइल और दुर्गम क्षेत्रों में भी हो सकता है.
मंगल ग्रह पर ड्रोन स्वार्म की अवधारणा
अश्विनी कुमार सिंह के शोध का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मंगल ग्रह पर सौर ऊर्जा से संचालित छोटे ड्रोन के समूह की अवधारणा है. इसके तहत कई ड्रोन एक साथ मंगल की सतह पर अलग-अलग स्थानों की जानकारी जुटा सकेंगे. ये मिट्टी, चट्टानों और वायुमंडलीय परिस्थितियों से जुड़े आंकड़े एकत्र कर मुख्य अंतरिक्ष यान तक भेजेंगे. इससे मंगल के बड़े क्षेत्रों का अध्ययन करना आसान हो सकता है.
हालांकि, यह अभी शोध आधारित अवधारणा है. मंगल ग्रह पर ऐसे ड्रोन तैनात नहीं किए गए हैं. इसके व्यावहारिक इस्तेमाल के लिए आगे तकनीकी विकास और परीक्षण की जरूरत होगी.
दोनों शोध डॉ. विजय कुमार डल्ला के निर्देशन में पूरे हुए. अश्विनी कुमार सिंह के शोध में डॉ. नरेश प्रसाद सह-निर्देशक रहे. कुमार अभिषेक के शोध का मूल्यांकन IIT पलक्कड़ के प्रोफेसर शांतकुमार मोहन और अश्विनी कुमार सिंह के शोध का मूल्यांकन IIEST शिबपुर के प्रोफेसर सुभाषिस भौमिक ने किया.
Also Read : झारखंड : पांच बार भाग चुके थे दोनों बच्चे, फिर भी नहीं चेता बालगृह प्रबंधन; दिनदहाड़े दोबारा फरार


