जोहार लाइव ब्यूरो
बीते अगस्त माह में हुए छात्र आंदोलन के बाद झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 17 अगस्त 2026 को 14वीं JPSC (झारखंड लोक सेवा आयोग) सहित कई परीक्षाओं और साल 2014 से टीडीपीएल (TDPL) एजेंसी द्वारा आयोजित परीक्षाओं को रद्द करने की घोषणा की थी. इसके बाद 18-19 अगस्त को आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई थी.
जांच सीआईडी को सौंपी गई. इसके लिए दो एसआईटी गठित की गई. मामला कोर्ट पहुंचा और अब सीआईडी ने कोर्ट के सामने परीक्षा, परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को लेकर साक्ष्य प्रस्तुत किया है. सीआईडी की ओर से प्रस्तुत इस साक्ष्य के मुताबिक कई परीक्षाओं में गड़बड़ी के सीधे सबूत मिले हैं.
इसके अलावा सीआईडी ने 27 और परीक्षाओं को जांच के दायरे में ले रखा है. हालांकि इन 27 परीक्षाओं के परिणाम के आधार पर अभी किसी तरह की नियुक्ति नहीं हुई है, लेकिन जांच चारी है.
जोहार लाइव एक बार फिर उन सभी परीक्षाओं, उसमें पाई गई गड़बड़ियों और उससे संबंधित अन्य जानकारियां क्रमवार तरीके से प्रकाशित करने जा रहा है. ऐसे में सबसे अहम सवाल ये है कि इसका क्रमवार तरीके से लिखा जाना क्यों जरूरी है?
बता दें, बीते 6 नवंबर को झारखंड हाईकोर्ट ने अपने एक फैसले में सीजीएल परीक्षा के संदर्भ में हेमंत सोरेन सरकार के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें सरकार ने परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की थी.
कोर्ट के इस फैसले से नौकरी कर रहे युवाओं को बड़ी राहत मिली. लेकिन दूसरी तरफ छात्र जो जेपीएससी-जेएसएससी सीजीएल को रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे, जिनकी मांगे सरकार ने मानी थी, उसी मांग को कोर्ट ने रद्द कर दिया.
ऐसे में सीआईडी पर अब अतिरिक्त दवाब है कि वह कोर्ट के सामने ऐसे तथ्य और सबूत पेश करे, जिससे छात्रों को न्याय मिलने की संभावना बढ़े.
पहली कड़ी में 14वीं जेपीएससी के बारे में…
झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा परीक्षा-2025 यानी 14वीं JPSC की प्रारंभिक परीक्षा 19 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी. जिसे टीडीपीएल कंपनी ने कंडंक्ट कराया था. कुल 103 रिक्त पदों के लिए यह परीक्षा हुई थी. जिसमें प्रारंभिक परीक्षा में लगभग 36,000 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिसमें कुल 2204 अभ्यर्थी सफल घोषित हुए थे.
सीआईडी की ओर से प्रस्तुत किए गए साक्ष्यों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए कई सफल अभ्यर्थियों के मामलों में परीक्षा के उपरांत OMR शीट में छेड़छाड़ (परिवर्तन/रंग भरना) के सबूत मिले हैं.
परीक्षा केंद्रों के CCTV फुटेज के विश्लेषण से स्पष्ट कि कुछ गिरफ्तार अभ्यर्थी परीक्षा अवधि में निष्क्रिय बैठे रहे, फिर भी सफल घोषित किए गए. सफल अभ्यर्थी सुमन सौरभ की OMR की अभ्यर्थी प्रति से प्रमाणित कि एक पत्र में मात्र 48 प्रश्नों का उत्तर देने के बावजूद उसे सफल घोषित किया गया. उसे 29 जुलाई 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया था.
काण्ड में गिरफ्तार मुख्य एजेंट अभय तिवारी की पत्नी सुषमा कुमारी (रोल न० 2601143410), भाई अक्षय तिवारी (रोल न० 2601133570), एवं उसके साला सौरभ कुमार (रोल न० 2601131583) भी उक्त परीक्षा में उनके प्रभाव से उत्तीर्ण हुए है.
अभय तिवारी की पत्नी सुषमा कुमारी, भाई अक्षय तिवारी भी मामले में अभियुक्त हैं. काण्ड के अन्य मुख्य गिरफ्तार एवं वांछित अभियुक्त एवं मुख्य एजेंट जैसे सानंद प्रकाश (रोल न० 2601211552) एवं इनकी बहन वैशाली प्रकाश ( रोल न० 2601211760), लालू यादव (रोल न० 2601100329), धर्मेंद्र कुमार के भाई योगेन्द्र पासवान (रोल न० 2601174267) भी इस परीक्षा में उत्तीर्ण हुए हैं.
तथ्य कोर्ट के सामने है. ऐसे में अब सवाल ये है कि क्या ये तथ्य और सूबत 14वीं जेपीएससी को रद्द कराने के लिए सक्षम होंगे?


