रांची/दिल्ली। महंगाई के बीच दूध की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है. मदर डेयरी ने दिल्ली- एनसीआर में अपने विभिन्न वैरिएंट के दूध की कीमतें 12 नवंबर से 2 रूपये से 4 रूपये प्रति लीटर तक बढ़ाने का फैसला किया है. इस बढ़ोतरी के बाद अब रांची के उपभोक्ताओं की नजर भी कंपनी की स्थानीय कीमतों पर है. रांची में भी मदर डेयरी की मौजूदगी है. ऐसे में यहां भी दूध के दाम बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.
दिल्ली- एनसीआर में नई दरों के अनुसार, फुल क्रीम दूध (पाउच) की कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है. टोंड दूध 60 रुपये से बढ़कर 62 रुपये और डबल टोंड दूध 54 रुपये से बढ़कर 56 रुपये प्रति लीटर हो गया है. वहीं, गाय के दूध की कीमत 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर की गई है. बल्क वेंडिंग के जरिए मिलने वाले टोंड दूध की कीमत भी 58 रुपये से बढ़कर 60 रुपये प्रति लीटर हो गई है. ये सभी नई दरें 12 नवंबर से दिल्ली-एनसीआार में लागू होंगी.
मदर डेयरी की ओर से कीमतें बढ़ाने की वजह किसानों से कच्चे दूध की खरीद लागत में वृद्धि बताई गई है. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, दूध की खरीद कीमतें बढ़ने के कारण कंपनी की इनपुट लागत पर दबाव पड़ा है. कंपनी ने इस अतिरिक्त लागत का कुछ हिस्सा उपभोक्ताओं पर डालने का फैसला किया है. मदर डेयरी अपनी दूध बिक्री से होने वाली प्राप्ति का करीब 75 से 80 प्रतिशत हिस्सा किसानों को भुगतान करती है.
रांची के बाजार पर भी रहेगी नजर
मदर डेयरी की रांची में भी व्यावसायिक मौजूदगी है और कंपनी के दूध उत्पाद यहां उपलब्ध हैं. ऐसे में दिल्ली- एनसीआर में कीमतें बढ़ने के बाद रांची के उपभोक्ताओं के बीच भी स्थानीय दरों को लेकर सवाल उठ रहे हैं. रांची में कीमतों में बदलाव कंपनी के स्थानीय वितरण और मूल्य निर्धारण के फैसले पर निर्भर करेगा.
Also Read : झारखंड : पलायन रोकने से लेकर औद्योगिक विकास तक, ‘थिंक 2029’ में राज्य के भविष्य पर मंथन


