जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड में युवाओं का पलायन रोकने, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नीतिगत सुझाव तैयार करने पर बुधवार को रांची में चर्चा हुई. होटल बीएनआर चाणक्य में ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से ‘थिंक 2029 – प्रोफेशनल्स फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ का आयोजन किया गया. सम्मेलन में डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षाविद्, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कानून विशेषज्ञ, उद्यमी और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने राज्य की आर्थिक संभावनाओं, विकास की चुनौतियों और भविष्य की नीतियों पर सुझाव दिए.
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की. इसमें झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़, लेखक एवं स्तंभकार सुवीर सरन, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की समेत कई नेता शामिल हुए.
पेशेवरों की भागीदारी से बनेगा विकास का रोडमैप
प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़ ने कहा कि कांग्रेस की स्थापना से लेकर देश के निर्माण तक डॉक्टर, वकील, इंजीनियर और अन्य पेशेवरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है. आज भी राष्ट्र निर्माण में उनकी विशेषज्ञता जरूरी है. उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में संवैधानिक संस्थाएं कमजोर हुई हैं और लोकतांत्रिक गणराज्य को फिर से मजबूत करने की जरूरत है.
उन्होंने कहा कि झारखंड जल, जंगल, जमीन और मानव संसाधन से समृद्ध है. सम्मेलन में मिले सुझावों के आधार पर शिक्षा व्यवस्था और सिंगल विंडो सिस्टम जैसे विषयों पर काम किया जाएगा. जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर विशेषज्ञों का अलग पैनल भी बनाया जाएगा.
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस ऐसे विशेषज्ञों को मंच देना चाहती है, जो वंचित वर्गों को सशक्त बनाने, शिक्षा का विस्तार करने और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में योगदान देना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि पेशेवरों के साथ अगले दो वर्षों तक विभिन्न विषयों पर संवाद किया जाएगा. उनके अनुभव और सुझावों से ऐसा विकास मॉडल तैयार करने का प्रयास होगा, जिसमें हर परिवार को शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के समान अवसर मिलें.
पलायन रोकने के लिए स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा जरूरी
आयोजक आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि झारखंड में प्रतिभा, अवसर और संसाधनों की कमी नहीं है, बल्कि सही मार्गदर्शन और नीतिगत पहल की जरूरत है. पेशेवरों, अर्थशास्त्रियों और बुद्धिजीवियों के सुझावों से ऐसी नीतियां तैयार करने का प्रयास है, जिससे युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े. इसके लिए औद्योगिक विकास, स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा और रोजगार सृजन पर ध्यान देना होगा. उन्होंने कहा कि ‘थिंक 2029’ का उद्देश्य केवल चर्चा करना नहीं, बल्कि सुझावों को नीतियों में बदलने की दिशा में काम करना है.
लेखक एवं स्तंभकार सुवीर सरन ने कहा कि सम्मेलन में उन्हें ऐसे पेशेवरों के बीच आने का अवसर मिला, जिनमें देश के भविष्य को लेकर दूरदर्शी सोच है. उन्होंने सरोजिनी नायडू, पंडित जवाहरलाल नेहरू और सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे नेताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भी देश में ऐसे लोग मौजूद हैं, जो युवाओं को सशक्त बनाने और भारत के भविष्य को दिशा देने की क्षमता रखते हैं.
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि वर्ष 2017 में गठित ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस का उद्देश्य विभिन्न पेशेवर क्षेत्रों के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर नीति निर्माण में उनके सुझाव और अनुभवों का लाभ लेना है.
सम्मेलन में तुलसी पटेल, रणजीत गड़ोदिया, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय कुमार, विकास रंजन सहाय, शंभुनाथ चौधरी, उत्कर्ष मिश्रा, जोगेश गंभीर, सुनील कुमार मेहता, आदर्श राज, सिमरन, प्रभात अग्रवाल और अपर्णा गुप्ता ने पैनलिस्ट के रूप में सुझाव दिए. कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया. इस अवसर पर आलोक दुबे, डॉ. राजेश गुप्ता, राजीव रंजन प्रसाद, सतीश पॉल, डॉ. एम. तौसीफ, डॉ. कुमार राजा समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.


